जानिए, वीसी और अफसरों के चैंबर में मैला क्यों फेंका ?

Font Size

मुजफ्फरपुर: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर के पीजी हॉस्टल के स्वीपर ने वीसी चेंबर सहित तमाम अधिकारियों के कार्यालयों में सोमवार को मैला फेंक दिया। महीनों से लंबित मानदेय व अनुकंपा पर बहाली नहीं होने से स्वीपर आक्रोशित था। उसकी इस करतूत से विवि के कई अधिकारी व कर्मचारी भी गंदगी की चपेट में आ गये। प्रत्यक्षदिर्शयों ने बताया कि वह अपने साथ केरोसिन तेल लेकर भी आया था।

 

पूरे घटनाक्रम से विवि में अफरा-तफरी मची रही। कुछ अधिकारियों ने अपने चेंबर को अंदर से बंद कराकर खुद को बचाया। काम कराने आये छात्र-छात्राओं को भागना पड़ा। तमाम कार्यालयों में मैला फेंकने से बदबू फैल गई। विवि के सारे काम ठप हो गये।

 

पीजी ब्वॉयज हॉस्टल-वन के स्वीपर सुनील ने कहा कि वह अपने पिता के निधन के बाद वर्ष 2013 से कार्य कर रहा है। उससे दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य लिया जा रहा है। अनुकंपा पर बहाली के लिए विवि अधिकारियों का महीनों से चक्कर लगा रहा, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। छह महीने से अधिक समय से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। इस कारण मेरी स्थिति खराब हो गई है।

 

इसी से आक्रोशित सुनील ने मैला लाकर विवि के तमाम कार्यालयों में फेंका। सुनील अपने साथ केरोसिन तेल लेकर आया था। मगर विवि कर्मियों ने उसे आगजनी से रोका।

 

विवि की ओर से होगी कार्रवाई :

 

इधर, विवि अधिकारियों ने इस मामले में बैठक की। प्रॉक्टर डॉ. सतीश कुमार राय ने कहा भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। भुगतान होगा लेकिन उस कर्मी ने जो किया वह अपराध है। इसके खिलाफ विवि कार्रवाई करेगा।

Table of Contents

You cannot copy content of this page