गुरुग्राम से गीता जंयती महोत्सव-2016 का आगाज

Font Size

गुरूग्राम :  गीता का संदेश घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य  से आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता जंयती महोत्सव-2016 का आगाज आज गुरुग्राम से हो गया है। जिला के सोहना, पटौदी व फरूखनगर ब्लॉक में आज गीता जयंती महोत्सव के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय महोत्सव सोहना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोहना, पटौदी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय(बाल) तथा फरूखनगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) में आयोजित किया जा रहा है। ब्लॉक स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में आज श£ोकोच्चारण, संवाद तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।
सोहना ब्लॉक में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की शुरूआत सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने की। इस अवसर पर उनके साथ सोहना के एसडीएम सतीश यादव भी मौजूद थे। सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महाभारत काल में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं कुरूक्षेत्र के मैदान से गीता के माध्यम से कर्म के सिद्धान्त का संदेश दिया और कर्मयोग व राजयोग को परिभाषित किया। श्रीमद्भगवत गीता के 18 अध्यायों में लगभग 700 श्लोकों को संकलित कर मानव जाति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त्र किया गया है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पण्डित मदनमोहन मालवीय, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक व अन्य बुद्धिजीवों के साथ-साथ विश्व के जाने माने दार्शनिकों व चिन्तकों ने भी गीता सार पर अपनी-अपनी टिप्पणियां दी है और इसे अपने जीवन में अपनाने की बात कही है। इतना ही नहीं, भारतीय मूल की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुनिता विल्यमस् ने भी अंतरिक्ष में 175 दिन रहने का विश्व रिकॉर्ड बनाने का श्रेय यात्रा के समय पवित्र गीता को अपने साथ रखने को दिया जिसके कारण उनका उत्साह बना रहा।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार हरियाणा स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है और इस बार गीता जयंती महोत्सव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है, जो 10 दिसम्बर तक चलेगा। जिला में भी 8, 9 व 10 दिसम्बर को राज्य शैक्षणिक प्रशिक्षण एंव अनुसंधान संस्थान (एससीईआरटी) में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। साथ ही जिला के सभी खंडों में भी खंड स्तरीय गीता जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है।

You cannot copy content of this page