रेवाड़ी में एक माह में खुलेगा भर्ती दफ्तर : राजनाथ

Font Size

रेवारी में शहीद सम्मान समारोह 

“मेवात में रेपिड एक्शन फोर्स का गठन”

रेवाड़ी। केंद्रीय गृह16-nov-15-aमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रेवाड़ी में एक माह में सेना का भर्ती दफ्तर खोल दिया जाएगा। इसके लिए रक्षा मंत्री की ओर से सहमति मिल चुकी है। साथ ही मेवात में रेपिड एक्शन फोर्स का गठन भी किया जाएगा। वे बुधवार को यहां हुडा ग्राउंड में केंद्रीय शहरी विकास एवं योजना मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की ओर से आयोजित शहीद सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अहीरवाल के लोगों ने बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचकर शहीदों को नमन किया है, जिसके लिए राव इंद्रजीत सिंह बधाई के पात्र हैं। देश के लिए मिटने वाले शहीदों के सम्मान में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होता है। उन्होंने कहा कि राव तुलाराम ने अपनी जिंदगी अंग्रेजों से लड़ते हुए गुजारी। उन्होंने यह सब भारत माता को आजाद कराने के लिए किया। भारत माता के पैरों से गुलामी की जंजीर तोडऩे के लिए बड़ी संख्या में वीर जवानों ने अपनी कुर्बानियां दी हैं। देश की रक्षा के लिए हमारे जवानों का स्वाभिमान जाग उठता है।16-nov-16-a

पूरा देश एक होकर लडऩे को तैयार

भारत की सीमा पर आंख उठाने वाले विदेशियों को जवाब देने के लिए हमेशा पूरा देश एक होकर लडऩे को तैयार रहता है। चंद्रशेखर आजाद जैसे वीरों ने देश के स्वाभिवान के लिए विदेशियों को ठिकाने लगाकर खुद अपनी ही गोली से जान दे दी थी। वस्ताबुल्ला खां ने फांसी के फंदे पर चढक़र अपनी मां को संदेश दिया था कि वह अब शादी रचाने जा रहा है। फांसी का फंदा मेरी महबूबा है, जिससे मैं शादी रचाने जा रहा हूं। ऐसे वीर जवानों के कारण आज हमारा भारत आजाद है। भारत की रक्षा की जिम्मेदारी अब सभी देशवासियों के हाथों में है। राजनैतिक आजादी हमें मिल चुकी है।

क्षमता के अनुसार रोजगार

16-nov-18-a

सामाजिक और आर्थिक आजादी मिलना अभी बाकी है। भेदभाव और जातिवाद को खत्म करना है। युवाओं को रोजगार मिले बिना आर्थिक आजादी नहीं मिल सकती। मोदी सरकार इस आजादी को हासिल करने की दिशा में काम कर रही है। युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार देने के लिए काम किया जा रहा है। आर्थिक विषमता की खाई को कम करने के लिए सरकार ने कई प्रभावी कदम उठाए हैं। सरकार ने नोटबंदी करने का सराहनीय कदम उठाया है। इससे एक माह तक लोगों को परेशानी हो सकती है, लेकिन इसके बाद भारत की राजनीति में पवित्रता आएगी। अमीर और गरीब के बीच की खाई इससे कम होगी। इससे अगले 15 वर्षों में भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा। व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में यह पहला कदम है।

 

चुनावों में पैसे के दुरूपयोग का सिलसिला बंद

चुनावों में पैसे के दुरूपयोग का सिलसिला इससे बंद हो जाएगा। राजनैतिक चंदे पर रोक लगाने के लिए भी बहस शुरू हो चुकी है। शासन और प्रशासन में पारदर्शिता आएगी। कोई भ्रष्टाचार की हिम्मत नहीं करे, इसकी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत की आन-बान और शान पर कोई आंच नहीं आने देंगे। पाकिस्तान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी पड़ौसी देशों को यह संदेश दे चुके हैं हम उनके साथ शांति चाहते हैं। पाकिस्तान के आतंकवादियों ने हमारे सैनिकों पर हमला किया, तो सेना के जवानों के ने दिखा दिया कि हम इधर भी मार सकते हैं और उधर भी।

आतंकवाद कायरों का हथियार

16-nov-19-a

आज पाकिस्तान आतंकवाद के सहारे हमें कमजोर करना चाहता। आतंकवाद कायरों का हथियार होता है। हमने आतंकवाद से लेकर नक्सलवाद तक को कम करने का काम किया है। हमारी सरकार मजबूत कलेजे वालों की सरकार है। उन्होंने कहा देश का विकास तभी होगा जब किसानों से लेकर हर वर्ग के लोगों का विकास हो। देश में प्रधानमंत्री फसल बीमा लागू की है। 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुणा करने का लक्ष्य है। सरकार ने किसानों के लिए कई अन्य योजनाएं लागू की हैं। किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा। डीएपी और यूरिया खाद की कीमत कम की है। भविष्य में खाद का उत्पादन बढ़ाकर इसकी कीमत और कम करेंगे।

सेना में हरियाणा की भूमिका अधिक : खट्टर 

इस मौके पर सीएम मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन है। इस दिन अंग्रेजों के खिलाफ एक क्रांति का आगाज हुआ था। नसीबपुर के मैदान में राव तुलाराम के नेतृत्व में जिन पांच हजार सैनिकों ने बलिदान दिया था, उनके साथ-साथ अन्य शहीदों को भी नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि देश की सेना में हरियाणा की भूमिका अधिक है। दक्षिणी हरियाणा और रेवाड़ी के जवानों की भागीदारी ज्यादा है। सभी सैनिकों, पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए अलग से मंत्रालय बनाया गया है, जो उनके हितों की दिशा में काम करेगा। सभी शहीदों के लिए राशि को 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए किया गया है। युद्ध विरांगनाओं की पेंसन 15 सौ से बढ़ाकर 3 हजार रुपए की गई है।

नसीबपुर में एक ऐतिहासिक स्मारक बनेगा 

उन्होंने घोषणा की कि नसीबपुर में एक ऐतिहासिक स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम ने नोटबंदी करके कालाबाजारी बंद करने एक सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल के लटके मामले को निपटाने के लिए अर्जी लगाई और प्रदेश को इसमें जीत मिली। दक्षिणी हरियाणा की पानी प्यास बुझाने के लिए एसवाईएल का संकल्प लिया हुआ है और हम दक्षिणी हरियाणा में एसवाईएल का पानी जरूर लाएंगे। दक्षिणी हरियाणा के लिए लिफ्ट सिस्टम को ठीक किया गया है। हमें अभी यमुना से भी पूरा पानी नहीं मिल रहा है। उसके लिए भी करोड़ों रुपए की राशि खर्च की गई है। रेवाड़ी जिले में एक मेडिकल कॉलेज मनेठी में खोला जाएगा। रक्षा मंत्री से मांग करेंगे कि इस क्षेत्र में कैंट के बेस अस्पताल की शाखा खोली जाए।

प्रदेश में समान रूप से विकास

रेवाड़ी में बाईपास की मांग पर कहा कि यह काम एनसीआर बोर्ड से होना है। इसके लिए केंद्र प्रदेश सरकार को कर्ज दे। उस कर्ज को सरकार समय पर लौटाएगी। हमारा प्रयास है कि पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य हों। 90 में से सिर्फ 8 या 10 विधानसभा ही ऐसे बचे हैं, जहां विकास की शुरूआत होनी बाकी है। युवाओं को रोजगार देने के लिए 600 लोगों से समझौता हुआ है, जिससे 7 लाख करोड़ रुपए का निवेश होना है। एक हजार एकड़ में नांगल चौधरी में लॉजिस्टिक हब बनेगा, जिसमें हजारों युवाओं को रोगजार मिलेगा। स्किल यूनिवर्सिटी के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अजीज के रूप में आपके सामने : राव इंद्रजीत

इस मौके पर राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मैं आपके बीच मंत्री नहीं, बल्कि एक अजीज के रूप में आया हूं। जब भाजपा ज्वाइन की थी, आप लोगों से पूछकर राजनाथ जी से मिलकर ऐसा किया था। मैं सभी का शुक्रगुजार हूं कि इतनी बड़ी संख्या में आप यहां शहीदों को नमन करने आए हैं। इस बार 23 सितंबर को शहीदी दिवस नहीं मना पाए, जिस कारण 16 नवंबर को यह दिवस मनाया गया है। हरियाणा एक ऐसा प्रांत है, जहां दस में एक युवा सेना या पुलिस में भर्ती होकर देश की रक्षा करता है। इसी वजह से हम अमन की सांस ले रहे हैं।

पांच हजार लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी

अहीरवाल और खासकर रेवाड़ी में सबसे अधिक एक्स सर्विसमैन हैं। 16 नवंबर 1957 में नसीबपुर में मैदान में ऐतिहासिक युद्ध हुआ था। इस युद्ध में राव तुलाराम के नेतृत्व में विभिन्न जातियों के लोगों ने लड़ते हुए पांच हजार ने अपने प्राणों की आहुति दी। आज भी नसीबपुर के मैदान में बारिश होती है, तो उस जंग में बिखरा खून पानी को लाल कर देता है। एक ही दिन एक ही पांच हजार लोगों के शहीद होने का यह रिकार्ड है। इस जंग में हमारे से चूक गए, जिस कारण हमें आजादी के लिए सौ साल और इंतजार करना पड़ा। 1947 में कश्मीर पर पाकिस्तान का कब्जा होना था। कमाऊं रेजिमेंट के मेजर सोमबीर ने सासह का परिचय देते हुए पहला परमवीर चक्र हासिल किया। उनके प्रयासों के कारण कश्मीर पर कब्जे की सभी कौशिशों को नाकाम कर दिया। जब अंग्रेज जापान से लड़ रहा था, तो उस समय हमारे देश के लोगों को अपनी सेना में भर्ती करने का प्रयास किया।

भर्ती दफ्तर को फिर से रेवाड़ी में खोलने की मांग 

देश की आजादी के लिए तैयार होने के लिए बड़ी संख्या में लोग अंग्रेजी फौज में शामिल हो गए। उस समय गुडग़ांव में भर्ती दफ्तर था। जिस क्षेत्र के सर्वाधिक लोग सेना में कुर्बानियां दे रहे हैं, उस क्षेत्र से तीस साल पहले भर्ती दफ्तर को शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने राजनाथ से मांग की कि इस भर्ती दफ्तर को फिर से रेवाड़ी में खोला जाए, ताकि इस क्षेत्र को उसका खोया हुआ सम्मान वापस मिल सके। उन्होंने कहा कि गुडग़ांव डिवीजन प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देता है, जबकि यहां ने तो कंटोनमेंट बोर्ड है और न ही भर्ती दफ्तर है, जबकि प्रदेश के तीन अन्य डिवीजन में यह हैं। उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों में इस क्षेत्र को बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए। हरियाणा भाजपा की जीत में अहीरवाल की जनता ने सभी 13 सीटें भाजपा की झोली में डाली थीं। कुछ नासमझ लोग हम पर आरोप लगा रहे हैं कि हम टाइमपास करने के लिए भाजपा में आए हैं। हम जिंदगी बितान के लिए इस पार्टी में आए हैं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद कुछ जगह हिंदू और मुस्लिमों के बीच उन्माद हुआ।

मेवात में रेपिड एक्शन फोर्स व ट्रेनिंग सेंटर खोलने की मांग 

तावडू में भी ऐसा ही हुआ। मेवात में एक रेपिड एक्शन फोर्स व ट्रेनिंग सेंटर खोला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हों। मेवात में एक अर्धसैनिक बल की टुकड़ी तैनात की जाए। उन्होंने सीएम से मांग की कि एसवाईएल नहर का पानी दक्षिणी हरियाणा तक पहुंचाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि एसवाईएल पर तीन प्रांतों के बीच जल समझौता हुआ था, परंतु अकेला पंजाब इस समझौते को रद्द करके कानून की धज्जियां उड़ा रहा है।

एसवाईएल में मनहोर सरकार की भूमिका को सराहा  

अगर पंजाब का यही रुख रहा, तो इससे अराजकता का माहौल हो जाएगा। अमरेंद्र सिंह हरियाणा और पंजाब को पानी नहीं देने की बात कहकर लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने खट्टर सरकार की सराहना करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट में ठंडे बस्ते में पड़े एसवाईएल के मामले को इसी सरकार ने याचिका लगाकार कहा कि दस साल से लटके इस मामले को गति दिलाने का काम किया। सरकार के प्रयासों से ही सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा के पक्ष में फैसला दिया। उन्होंने सीएम से मांग की कि बुजुर्गों की चिकित्सा का इंतजाम करने के लिए पूर्व में की गई एम्स की घोषणा को जल्द अमलीजामा पहनाया जाए। साथ ही रेवाड़ी में बाईपास का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। इस पर 800 करोड़ रुपए की लागत का अनुमाना है। अगर प्रदेश सरकार के पैसा नहीं है, तो केंद्र इसके लिए पैसा देने को तैयार है। प्रदेश सरकार को इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजना होगा। 

You cannot copy content of this page