चंडीगढ़। प्रदेश में गायों की बदहाल स्थिति को आम जनता में उजागर करने के लिए सेल्फी विद लावारिस काउ अभियान के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रदेश भर में ‘खूंटा गाड़’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। इस संबंध में आप के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद का कहना है कि अभियान के तहत पार्टी का कार्यकर्ता लावारिस गायों को पकडक़र उन्हें हरियाणा के मंत्रियों और विधायकों के आवास के आगे खूंटा गाडक़र बांधेंगे। अभियान की शुरुआत रोहतक से की जाएगी।
भाजपा पर गायों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जयहिंद ने कहा कि आज प्रदेश का कोई जिला ऐसा नहीं है जहां सडक़ों पर घूम रही लावारिस गायों के कारण हादसे न हो रहे हों। भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले सत्ता हथियाने के लिए गोचरांद भूमि आरक्षित करने, गो अभयारण बनाने, भूमिहीन किसानों को गाय देने, गोशालाओं में रहने वाली गायों का पालन पोषण करने और सडक़ों पर घूमने वाली गायों को गोशालाओं में पहुंचाने की घोषणा की थी।
जयहिंद के अनुसार आरटीआई के माध्यम से मिली जानकारी में भी यह साफ हो गया है कि हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश में एक गाय को चारे के लिए रोजाना केवल 20 पैसे ही दिए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री के उडनख़टोले का किराया पांच करोड़ रुपये तक आ चुका है। जयहिंद के अनुसार दिल्ली में केजरीवाल सरकार एक गाय पर 40 रुपये रोजाना खर्च कर रही है तो हरियाणा सरकार ऐसा करने से पीछे क्यों हट रही है।