भाजपा की ओर से आडवाणी का टिकट काटे जाने पर कांग्रेस ने साधा निशाना

Font Size

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भाजपा ने आखिरकार गुरुवार शाम को 22 राज्यों के लिए 184 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची के अनुसार पीएम मोदी वाराणसी, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ लखनऊ, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गांधीनगर और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ेंगे।

बड़ी बात यह है कि गुजरात के गांधीनगर सीट से अब लालकृष्ण आडवाणी बीजेपी उम्मीदवार नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी ने अपने अध्यक्ष अमित शाह को मैदान में उतारा है। साल 2014 में लालकृष्ण आडवाणी ने गुजरात के गांधीनगर से चुनाव जीता था। आडवाणी साल 1996 के लोकसभा चुनाव को छोड़कर 1991 के बाद से गांधीनगर सीट से 6 बार जीत चुके हैं। बीजेपी की लिस्ट जारी होने के बाद ही कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे आडवाणी के सम्मान को धक्का बताया है।

उन्होंने टि्वट किया पहले श्री लाल कृष्ण अडवाणी को जबरन ‘मार्ग दर्शक’ मंडल में भेज दिया, अब उनकी संसदीय सीट भी छीन ली। जब मोदीजी बुजुर्गों का आदर नहीं करते, वह जनता के विश्वास का आदर कहां करेंगे? भाजपा भगाओ, देश बचाओ। कुछ यूजर्स का मानना है कि बीजेपी ने ये सही किया, कुछ का कहना है कि ये लालकृष्ण आडवाणी के साथ गलत हुआ और कुछ यूजर्स सही-गलत से हटकर इस मुद्दे पर चुटकी ले रहे हैं।

गौरतलब है कि भाजपा ने पहली सूची में यूपी के 28, महाराष्ट्र के 16, असम के आठ, अरुणाचल प्रदेश के दो, छत्तीसगढ़ के छह, अंडमान निकोबार द्वीप सह और दादर नगर हवेली के एक-एक, जम्मू कश्मीर के पांच, कर्नाटक के 21, केरल के 13, लक्षद्वीप के एक, मणिपुर के एक, मिजोरम के दो, ओडिशा के दस, राजस्थान के 16, सिक्किम के एक, तमिलनाडु के पांच, तेलंगाना के दस, त्रिपुरा के दो, उत्तराखंड के पांच, आंध्र प्रदेश के 2 और पश्चिम बंगाल के 28 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है।

You cannot copy content of this page