यू पी विधानसभा में राज्यपाल की तरफ फेंके गए कागज के गोले, सदन में बेहोश हुए सपा विधायक

Font Size

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र राज्यपाल राम नाईक द्वारा दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के साथ आज शुरू हुआ। राज्यपाल राम नाईक ने आज विधान सभा एवं परिषद के दोनों सदनों को संबोधित सरकार की उपलब्धियों और किए गए विकास कार्यों को रखा। उनके अभिभाषण के दौरान विपक्ष खास तौर पर सपा सदस्यो ने भारी हंगामा किया और कागज़ के गोले फेंके। पर इससे अविचलित राज्यपाल लगभग 1 घंटे तक अभिभाषण पढ़ते रहे। बजट सत्र शुरू होने से पहले सपा-बसपा विधान भवन में मिलकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस दौरान आज़म खां और रामगोविंद चौधरी मौजूद रहे। आजम ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला किया। यह सत्र ऐसे वक्त में हो रहा है जब लोकसभा चुनाव नजदीक आता जा रहा है और विपक्षी दलों में एका बढ़ रहा है। बसपा-सपा का गठबंधन का ऐलान हो चुका है। इस माहौल का असर सदन के बाहर ही देखने को मिल रहा है।

राज्य के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सरकार अगले वित्त वर्ष के लिए अपना बजट सात फरवरी को पेश करेगी। सत्र 22 फरवरी तक चलना प्रस्तावित है। योगी आदित्यनाथ सरकार का यह तीसरा बजट होगा। लोकसभा चुनाव में अब तकरीबन दो माह रह गये हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यह बजट आम जनता को राहत देने वाला होगा। अधिकारियों ने बताया कि बजट में केन्द्रीय बजट के अनुरूप कृषि, सामाजिक एवं बुनियादी ढांचा क्षेत्र पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है। इस बीच विपक्ष कानून व्यवस्था सहित आम आदमी से जुड़े मसलों को लेकर सरकार पर निशाना साधने की तैयारी में है।
सदन में हंगामे के दौरान सपा विधायक सुभाष पासी बेहोश होकर गिर पड़े| लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन के बाहर आकर मीडिया के सामने राज्यपाल के अभिभाषण के समय राज्यपाल के खिलाफ नारेबाजी की निंदा की। सीएम योगी ने कहा कि कागज के गोले फेंकना निदनीय है। इससे यह साफ होता है कि सपा अपने गुंडा गर्दी से बाहर नही आ पा रही है। सपा-बसपा का यह कृत्य निदनीय है। इन दलों का यह आचरण लोकतंत्र को कमजोर करता है। यह साबित करता है कि विपक्ष का लोक तंत्र पर भरोसा नही है। आज का कृत्य यह साबित करता है कि किस तरह का सिस्टम ये चाहते है। सदन में जब इनका यह हाल है तब बाहर इनका क्या हाल होगा अनुमान लगाया जा सकता है। राज्यपाल की गरिमा के खिलाफ यह कृत्य निदनीय है। राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियो को बताया है। हम उनका स्वागत करते है ।

You cannot copy content of this page