अब विपक्षी दलों का कोकस नहीं बल्कि प्रबुद्ध जन देश चलाएगा : कैप्टन अभिमन्यु

Font Size
हरियाणा के वित्त मंत्री ने कहा मोदी ने चार वर्षों में देश में स्ट्रक्चरल, प्रोसिजरल, बिहेवियरल बदलाव किए

चौथी तिमाही की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.7 प्रतिशत अर्थव्यवस्था की मजबूती के संकेत

 भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर झूठ, छल, कपट, ढोंग, फरेब, ठग्गी तथा लूट का आरोप लगाया 

कहा, पूर्व की कांग्रेस सरकार ने जाटों को आरक्षण के नाम पर वेबकूफ बनाया 

 

गुरुग्राम, 01 जून। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि अब कुछ लोगों (विपक्षी दल) का कोकस  या गुट अब देश को नहीं चलाएगा बल्कि प्रबुद्ध जन देश के निर्णयों में अपना योगदान देंगे। अब जन शक्ति देश की जान बनेगी। उन्होंने केंद्र में एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए बताया कि 31 मार्च को संपन्न हुई तिमाही में देश की जीडीपी की ग्रोथ रेट 7.7 प्रतिशत आंकी गई है जो यह साबित करती है कि पूरे विश्व में भारत तेजी से बढती अर्थव्यवस्था है।
 
कैप्टन अभिमन्यु आज गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह में मीडिया प्रतिनिधियों से रूबरू हो रहे थे।उन्होंने विमुद्रीकरण अर्थात् डिमोनिटाईजेशन तथा क्लीनअप ऑप्रेशन, जीएसटी, स्वच्छता अभियान, आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, स्टैंडअप इंडिया, स्टार्टअप योजना, मुद्रा योजना, जन-धन योजना, ईज ऑफ डुईंग बिजनेस आदि योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने इन चार वर्षों में देश में स्ट्रक्चरल, प्रोसिजरल, बिहेवियरल तथा कल्चरल बदलाव किए हैं।
 
 हरियाणा के वितमंत्री ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर राष्ट्र स्तर से लेकर राज्य स्तर, जिला स्तर तथा ग्राम व बूथ स्तर तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा संपर्क कार्यक्रम शुरू किया गया है जिसके तहत भाजपा के कार्यकर्ता मौजिज व प्रमुख लोगो से संपर्क करेंगे। 
 
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में चल रही एनडीए सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियां गिनवाई और कहा कि इन उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए भाजपा द्वारा संपर्क अभियान शुरु किया गया है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने इस अभियान की शुरुआत पूर्व थल सेना अध्यक्ष जनरल दलबीर सुहाग के निवास से किया था। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने सेवानिवृत न्यायधीश ए एन जिंदल संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत बूथ स्तर पर 50-50 प्रबुद्ध लोगों से संपर्क किया जाएगा और इस प्रकार हरियाणा में लगभग तीन हजार प्रमुख लोगों से संपर्क साधा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सबसे बड़ा संपर्क अभियान होगा। 
 
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विश्व में भारत की पहचान बनाई जिससे भारतवासियों को स्वाभिमान से चलने व रहने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि स्टैंडअप इंडिया तथा स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाएं लागु करके युवाओं में उद्यमशीलता को बढावा देते हुए नई पीढी को सुनहरे भारत का संकल्प करवाया गया है। 
 
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान 3 व 10 वर्ष की अवधि पूरी करने वाले कच्चे कर्मचारियों को पक्के करने की पॉलिसी को रद्द किए जाने के बारे में पूछे गए  सवाल के जवाब में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस के पिछले 10 वर्ष के शासनकाल में उनके नेताओं का गैर जिम्मेदाराना आचरण रहा और उस समय की झूठ, छल, कपट, ढोंग, फरेब, ठग्गी तथा लूट के परिणाम आज जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि उस समय कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के बारे में झूठ बोला गया और फाईलों में ऐसे पेच डाले गए कि ये कर्मचारी दुखी रहेंगे, उसकी वजह से जो असंतोष होगा उसके परिणाम मौजूदा सरकार को भुगतने होंगे। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय में पैरवी की थी, विपक्ष का इस बारे में आरोप लगाना गलत है। 
 
उन्होंने बताया कि पिछली सरकार जाट आरक्षण का ढोंग करके गई क्योंकि उन्हें एहसास हो गया था कि 2014 में उनको जनता चलता कर देगी और जिस प्रकार से हारी हुई फौज जाते-जाते तालाब व पानी की टंकियों में जहर डाल जाते हैं उसी प्रकार, पिछली कांग्रेस सरकार ने हरियाणा प्रदेश की व्यवस्था में जहर मिलाने का काम किया। सही प्रावधान नहीं किए जाने की वजह से जाट आरक्षण का मामला उच्च न्यायालय तथा उच्चतम न्यायालय में टिक नहीं पाया।  कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि पिछली सरकार ने केवल मात्र जनता की आंखो में धूल झोंकने का काम किया। 
गुरुग्राम के विकास के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि गुरुग्राम हमारे लिए प्रदेश का महत्त्वपूर्ण आर्थिक केंद्र है और इस शहर को हम उत्तर भारत का मुंबई बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस बारे में पहले ही कह चुके हैं कि गुरुग्राम को स्मार्ट नहीं अपितु स्मार्र्टेस्ट सिटी बनाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस शहर के विकास में धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। 
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, जिला महामंत्री अनिल गंडास, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण चंद्रा वशिष्ठ, नगर निगम पार्षद अनुप सुखराली भी उपस्थित थे। 

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page