बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी नहीं रहीं !

Font Size

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया

फ़िल्मी हस्तियों ने भी जताया दुःख 

मुंबई सहित देश में श्रीदेवी के लाखों फेंस में शोक की लहर 

नई दिल्ली। बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी 54 साल की उम्र में इस संसार को छोड़ गयी । बाताया जाता है कि श्रीदेवी का निधन दिल का दौरा पडऩे के कारण हुआ। श्रीदेवी ने दुबई में अंतिम सांस ली. वह अपने भांजे की शादी में शरीक होने के लिए दुबई गई थी। अंतिम समय में श्रीदेवी के साथ पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर मौजूद थे। उनके निधन की खबर सुनते ही बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. फ़िल्मी दुनिया की हस्तियों ने भी शोक जताया है. देश में उनके लाखों फेंस भी शोकाकुल हैं और उनके प्रति श्रधांजलि अर्पित कर रहे हैं. 

श्रीदेवी के निधन के बाद अंधेरी में उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में रात से ही उनके फैंस जमा हो गए । मुंबई पुलिस ने श्रीदेवी के घर के बाहर की सुरक्षा बढ़ा दी है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने श्रीदेवी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि वे करोड़ों फैंस के दिल को तोड़ कर चली गईं। उनके परिवार और करीबी सहयोगियों के लिए मेरी संवेदनाएं हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्रीदेवी के आकस्मिक निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री के दफ्तर की ओर से ट्वीट कर कहा गया कि प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीदेवी के असमय और अचानक निधन से दुखी हूं। लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के यादगार रोल निभाए। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि श्रीदेवी सर्वगुण संपन्न अभिनेत्री थीं, अमिताभ बच्चन ने सही कहा है कि अचानक उनके जाने से घबराहट हो रही है। उनका व्यक्तित्व शानदार था। यकीन नहीं हो रहा कि श्रीदेवी हमारे साथ नहीं रहीं।

फ़िल्मी दुनिया के महानायक अमिताभ बच्चन ने लिखा है कि  न जाने क्यूँ , एक अजीब सी घबराहट हो रही है .

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने लिखा है कि मेरे पास शब्द नहीं हैं जिन्हें उनसे प्यार था उनके लिए मैं शोक प्रकट करती हूं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि यह एक काला दिन है . भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और परिवार को दुःख सहने की ताकत दें।

श्रीदेवी के पड़ोसी जीसी घोष ने बताया कि यह बहुत ही दुखद है। भारत और फिल्म इंडस्ट्री को श्रीदेवी के जाने से बहुत बड़ा झटका लगा है।

 पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सचिन तेंदुलकर ने श्रीदेवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस दुख को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। हम उन्हें देख कर बड़े हुए हैं। इस सच को सहन करना हमारे लिए बहुत ही कठिन है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।

You cannot copy content of this page