हरीयाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बराला का कांग्रेस-इनेलो पर हमला

Font Size

: सरकार, राज किसी की बापौती नहीं, विकास निरंतर प्रक्रिया

: हिमाचल प्रदेश, गुजरात चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे हरियाणा के कार्यकर्ता 

 
चंडीगढ़, 15 अक्तूबर :  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कांगे्रस-इनेलो द्वारा भाजपा द्वारा शासन चलाने को लेकर उठाए गए सवाल पर करारा जवाब देते हुए कहा कि सरकार और राज किसी का बापौती नहीं है। विकास निरंतर होने वाली प्रक्रिया है। हम पूर्व सरकारों के अधूरे कामों को भी पूरा कर रहे हैं और अपने राज में शुरू कराए गए विकास कार्यों का भी हम ही फीता काटेंगे। 
 
भाजपा की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक के पहले दिन पत्रकारों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सरकार की मंशा पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि सरकार, राज किसी की बापौती नहीं है। लोगों ने सत्ता को भोगने का माध्यम माना है और भाजपा ने इसे जनसेवा का माध्यम। उन्होंने कहा कि सत्ता की मंशा पर सवाल उठाने वाले वह लोग हैं, जो सत्ता सुख भोगने के बाद अब विरह झेल नहीं पा रहे हैं।
 
उनके अंदर की सत्ता की तडप उन्हें बौखलाने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में पहली ऐसी सरकार बनी है, जो पूर्व सरकार में शुरू किए गए कामों को भी गंभीरता से पूरा करवा रही है। पूर्व सरकारों के दौरान शुरू किए गए विकास कार्यों की जडों में भ्रष्टाचार मजबूती से घुसा हुआ था, जिसे भाजपा ने उखाडने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्व सरकारों ही नहीं, अपितु अपनी सरकार द्वारा शुरू कामों के फीते भी अपने शासन में काटेगी।
 
उन्होंने गुजरात, हिमाचल प्रदेश चुनाव में हरियाणा की भूमिका पर कहा कि हरियाणा के पदाधिकारी निश्चित तौर पर दोनों जगह जाएंगे और भाजपा की जीत का अंतर बढाने का काम करेंगे। उन्होंने गुरदासपुर उपचुनाव के परिणाम पर कहा कि इस चुनाव में स्थानीय मुद्दे हावी थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता पारदर्शी तरीके से नौकरी, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास कार्यों में गुणवत्ता को देखकर खुश है। उन्होंन कहा कि भाजपा प्रदेश के नागरिकों के हितों पर प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही है। इस दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी राजीव जैन, मीडिया संपर्क प्रमुख सूरजपाल अम्मू आदि मौजूद रहे।     
 

तिलक के साथ हुआ आगंतुकों का स्वागत

 
प्रांतीय बैठक के पहले दिन आदित्य गार्डन में पहुंचे प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्षों का तिलक लगाकर भाजपा महिला मोर्चे की पदाधिकारियों ने अभिनंदन एवं स्वागत किया। बाद दोपहर 3 बजे पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद बैठक में आमंत्रित सदस्य, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, मार्किटिंग बोर्ड चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन , प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख सूरज पाल अम्मू सहित  सभी आगंतुक पदाधिकारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। बैठक के पहले दिन शहर के मुख्य मार्गों पर भाजपा के झंडे, बैनर, लडियां और होर्डिंग्स लगाकर स्वागत की तैयारियां की गई थी।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page