हरीयाणा में बूथ मजबूत करने के लिए ग्रेडेशन प्रणाली पर काम करेगी भाजपा

Font Size

: सोनीपत में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी व जिलाध्यक्षों की बैठक

: मिस काल सदस्यों के सत्यापन से लेकर प्रत्येक बूथ को जीतने की रणनीति पर हुआ मंथन

हरीयाणा में बूथ मजबूत करने के लिए ग्रेडेशन प्रणाली पर काम करेगी भाजपा 2चंडीगढ़, 15 अक्तूबर :  हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही भाजपा अब जीत की निरंतरता के मूल मंत्र पर प्रत्येक बूथ को ग्रेडेशन प्रणाली अपनाकर मजबूत करने पर काम करेगी। इसके लिए सत्ता और संगठन सामंजस्य बिठाकर प्रत्येक बूथ को सशक्त करने के लिए अपना योगदान देंगे, ताकि कमजोर बूथों पर जीत हासिल करने पूर्व परिणामों को ओर बेहतर बनाया जा सके। यही नहीं प्रदेश में भाजपा में रूझान रखने वाले तथा मिस काल के माध्यम से सदस्यता लेने वाले नागरिकों का सत्यापन करते हुए सक्रिय भूमिका में लाने की तैयारी भी की जाएगी।

रविवार से सोनीपत में भाजपा की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्षों की बैठक के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई । भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष कविता चौधरी, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, संजय भाटिया, संदीप जोशी, एडवोकेट वेदपाल, प्रदेश मीडिया प्रमुख राजीव जैन प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख सूरज पाल अम्मू  समेत आला संगठकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का आगाज किया गया। इसके बाद गत कार्यकारिणी के बाद जिला तथा मंडल स्तर पर आयोजित कार्यकारिणी बैठकों का पूरा विवरण अनुमोदन के लिए रखा गया।

इसके बाद अपने संबोधन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा प्रवास के दौरान बूथ जीतने के लिए मूल मंत्र देकर गए, जिसपर अब योजनाबद्ध तरीके से काम करने का खाका तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा और लोकसभा के अनुसार बूथों की गे्रडेशन प्रणाली पर जोर देने की योजना है, जिसमें हर बूथ को ए, बी, सी ग्रेड में आंकलन उपरांत उस बूथ को अधिक मजबूत करने पर काम होगा। इसके लिए सत्ता और संगठन के लोगों सामंजस्य स्थापित करते हुए अपना समय देंगे और अधिक से अधिक गतिविधियां संचालित करते हुए बूथ जीतने की ओर बढेंगे। जिला पदाधिकारियों के नियमित प्रवास के फार्मूले पर भी काम किया जाएगा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने 27 अक्टूबर को डॉ. मंगलसेन जयंती तथा 31 अक्टूबर को सरदार पटेल जयंती पर रन फार यूनिटी और हरियाणा प्रदेश के स्वर्ण जयंती वर्ष के समापन अवसर पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम करने सुनिश्चित किए जाएंगे। इसके लिए प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि बूथ स्तर पर कार्र्यक्रम का संचालन सही तरीके से हो सके। उन्होंने 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाले कार्यक्रम मन की बात के लिए भी प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की इस कार्यक्रम में भागीदारी बढाई जा सके। बैठक में मिस काल सदस्यता लेने वाले सदस्यों का सत्यापन करने के लिए प्रक्रिया में तेजी लाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने और इसके प्रभावी प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री पी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय प्रवक्तर अनिल बलूनी के हरियाणा प्रवास की प्रगति रिपोर्ट भी रखी गई। सोमवार को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पेश होने वाले राजनीतिक प्रस्ताव को भी विचार विमर्श के साथ तैयार किया गया।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page