Font Size
: बेटी बचाओ नारे के तहत भाजपा को एक बेटी का साथ देना चाहिए था लेकिन भाजपा बेटा को बचाने में लगी हुई है
यूनुस अलवी
मेवात: बहुचर्चित विकास बराला व वर्णिका कुण्डु मामले पर चंदीगढ पुलिस की भूमिका पर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एंव पूर्व परिवहन मन्त्री आफताब अहमद सवाल खडे किऐ हैं। वहीं उन्होने भाजपा पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है।
पूर्व मंत्री ने जारी अपने ब्यान में कहा कि विकास बराला व कुण्डु मामले में भाजपा सरकार व चण्डीगढ़ पुलिस की भूमिका सन्देहास्पद है। दोनो ही मिलकर आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होने चंदीगढ पुलिस और भाजपा सरकार की आलोचना करते हुऐ कहा कि इससे पूरे देश की बेटियों में गलत सन्देश गया है। यह तो बेटी वर्णिका की सूझबूझ व बहादुरी थी कि कोई बड़ी व अप्रिय घटना नहीं हुई। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश भाजपा सरकार व उनका संगठन आरोपियों को बचाने में लगे हैं। जिस तरह से आनन-फानन में पहले अपहरण की धारा जोड़ी गई व फिर हटा भी दी गई, उसका सीधा अर्थ यह निकलता है कि यह सब उच्च पदस्थ ताकतों की दखलन्दाजी के कारण ही हुआ है। राज धर्म यह कहता है कि इस संवेदनशील मामले की सही व निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि वर्णिका को न्याय मिल सके।
आफताब ने कहा कि अगर वर्णिका को न्याय मिलने के रास्ते में सत्तारूढ़ पार्टी कोई अड़चन डालती है तो कांग्रेस पार्टी मूक दर्शक नहीं रहेगी तथा इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी व संघर्ष का रास्ता अख्तियार करने से भी पीछे नहीं हटेगी। आफताब ने कहा भाजपा पार्टी का ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा विचित्र लगता है। जहां भाजपा को एक बेटी के पक्ष में खडा होना चाहिए था वहीं उसके उल्ट बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रही है। बेटी बचाओ नारे के तहत भाजपा को एक बेटी का साथ देना चाहिए था लेकिन भाजपा बेटा को बचाने में लगी हुई है। उन्होंने ने कहा कि सरकार यह भूल गई कि प्रदेश की बेटियों ने अपने हुनर से हरियाणा व देश का नाम ऊंचा किया है। उनकी सुरक्षा व आगे बढ़ने का अनुकूल माहौल देने का काम सरकार का है, पर सरकार इसमें असफल रही है और हालिया प्रकरण इसका स्पष्ट उदाहरण है।
