केवल भाजपा लोकतान्त्रिक और सब अलोकतांत्रिक पार्टी : डॉ अनिल जैन

Font Size

भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 

हरियाणा भाजपा प्रभारी ने कहा :  देश के 1650 राजनीतिक दलों में आंतरिक लोकतंत्र नहीं

 
चंडीगढ़, 26 जुलाई :  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ अनिल जैन ने भाजपा के संगठनात्मक ढांचे की तारीफ करते हुए देश के अन्य पंजीकृत राजनीतिक दलों पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि देशभर के 1650 राजनीतिक दलों की रीढ़ कमजोर है, क्योंकि उनके यहां आंतरिक लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र न केवल इस दल की खूबसूरती है, अपितु यह भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाने वाला है। 
 
वे बुधवार बाद दोपहर जींद में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्षों के सत्र का दीप प्रज्ज्वलित करके शुभारम्भ करने उपरांत सम्बोधित कर रहे थे। भाजपा राष्ट्रीय सचिव डॉ अनिल जैन ने कहा कि देश के 1650 राजनीतिक दलों में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, यही कारण है कि देश के विकास की राह में दशकों से अवरोधक उत्पन्न हुए। आज विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक राजनीतिक दल भाजपा ने देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में बेहतरीन काम करते हुए न केवल वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन किया है, अपितु भ्रष्टाचार, काला धन, समानांतर आर्थिक व्यवस्था पर चोट करते हुए देश के अंदरूनी हालात बेहतर बनाने की दिशा में मजबूती से कदम आगे बढ़ाए हैं।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूत संगठनात्मक रचना की बदौलत ही भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। कल्पना से दूर असम और मणिपुर में सरकार बनना यह साबित करता है कि देश की सभी दिशाओं में नागरिक भाजपा की व्यवस्था में सन्तुष्ट हैं। डॉ जैन ने कहा कि भाजपा में नेता और कार्यकर्ता के मध्य बेहतर सामंजस्य है, तभी हम अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के दौरान संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया। इस शताब्दी वर्ष की आत्मा विस्तारक योजना थी, जिसमें देश में 4 लाख तथा हरियाणा में 12 हजार से अधिक समर्पित कार्यकर्ताओं ने बूथ को मजबूत करने की दिशा में काम करते हुए देश के अंदर अलग ही माहौल पैदा किया।
 
उन्होंने वर्ष भर में बूथ स्तर पर होने वाले 6 आयोजनों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यदि हम बूथ पर मजबूत रहे तो कोई भी राजनीतिक दल न तो हमें हटा पाएगा और न ही हिला पाएगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय विस्तारक योजना के तहत खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वर्ष में 110 दिन संगठन को सशक्त करने के लिए दे रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 2 अगस्त से 4 अगस्त तक इसी योजना के तहत हरियाणा में आ रहे हैं। उनके आगमन समाचार से ही प्रदेश में उत्साहपूर्वक वातावरण बन रहा है।
 
उनका हरियाणा आगमन प्रदेश की राजनीति में मील का पत्थर साबित होगा। इससे पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने प्रदेश कार्यसमिति में होने वाले सत्रों की जानकारी दी। 
 
बैठक में संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, संजय भाटिया, वेदपाल एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल, कविता चौधरी, धर्मपाल शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन, प्रवक्ता वीरकुमार यादव, महिला मोर्चा अध्यक्षा निर्मल बैरागी, किसान मोर्चा अध्यक्ष समय सिंह भाटी, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनीष यादव, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रामअवतार वाल्मीकि समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page