Font Size
हरियाणा प्रवास 2 अगस्त से होगा शुरू
प्रदेश में भाजपा को संगठनात्मक मजबूती देने के लिए तीन दिवसीय दौरा
राजनीतिक परिस्थितियों और सरकार के कामकाज पर होगी चर्चा : सुभाष बराला

भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 2 अगस्त से 4 अगस्त तक हरियाणा प्रवास पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि मिशन 2019 के तहत राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे अभियान के तहत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 2 अगस्त को सुबह हरियाणा आएंगे और 4 अगस्त की शाम को दिल्ली लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रवास के पहले दिन वह मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के साथ बैठक कर सरकार की समीक्षा करेंगे, जिसमें गरीब उन्मुखी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उठाए गए कदमों की चर्चा होगी। भविष्य में सरकार के लक्ष्यों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगियों के साथ बैठक होगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रदेश महामंत्री (संगठन) के साथ-साथ अलग-अलग बैठकर मंथन करेंगे और इसके बाद संगठन के कोर गु्रप के साथ बैठक करते हुए सरकार एवं संगठन में समन्वय स्थापित करेंगे। बाद दोपहर सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, संगठन मंत्रियों के साथ सामूहिक बैठक करके राजनीतिक चर्चा की जाएगी, जिसमें वह भाजपा का राजनीतिक दृष्टिकोण स्पष्ट करेंगे। वर्षभर में होने वाले संगठनात्मक तौर पर छह बूथ कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बराला ने बताया कि 3 अगस्त को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करके संगठन की संरचना एवं क्रियाकलापों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद भाजपा कार्यालय एवं 19 विभागों एवं प्रकल्पों की समीक्षा के लिए समय निर्धारित किया गया है। वहीं दोपहर में पूर्व अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य समेत विशिष्ट नेताओं के साथ बैठक, आईटी, चुनाव प्रकोष्ठ के साथ प्रदेश के चुनावी परिदृश्य पर प्रस्तुतिकरण, लोकसभा क्षेत्रों के आंकलन पर चर्चा, दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी कार्यक्रम एवं पूर्णकालिक विस्तार योजना पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रवास के तीसरे दिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठों की स्थिति पर चर्चा करके, मंडल, जिला, प्रदेश कार्यसमिति बैठकों का ब्यौरा लेंगे। इसके बाद एक मंडल की बैठक में वह हिस्सा लेकर आगामी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। बाद दोपहर प्रबुद्ध लोगों के साथ चर्चा करने के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली लौट जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा दौरे के दौरान सरकार और संगठन में ऊपर से लेकर नीचे तक की प्रक्रिया को न केवल रूबरू होंगे, अपितु इसमें आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि इससे पूर्व 26, 27 जुलाई को जींद में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक तय की गई है।