एमसीडी चुनाव में भाजपा को मिल रहा भारी जन समर्थन : मंगत राम बागड़ी

Font Size

गुडग़ांव, 16 अप्रैल: दिल्ली नगर निगम के वार्ड नंबर 44 मुबारकपुर डबास से भाजपा उम्मीदवार पूनम पराशर झा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता व गुरुग्राम नगर निगम वार्ड 10 के निवर्तमान पार्षद मंगत राम बागड़ी ने कहा एमसीडी चुनाव में भाजपा को भारी जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। लक्ष्मण विहार से लोगों के काफिले के साथ चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली पहुंचे श्री बागड़ी ने कहां कि कि दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है।

 

आप सरकार ने दिल्ली की जनता को धोखा देने का काम किया है। यही कारण है कि दिल्ली में हुए विधानसभा उपचुनाव में वहां की जनता ने आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूरी तरह से नकारते हुए भाजपा को भारी विजय दिलाई। इसी तरह से नगर निगम चुनाव में भी भाजपा को भारी बहुमत प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का देश से सफाया हो चुका है। इस बात को जनता भी मान रही है। यही कारण है कि अब हर जगह कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ रहा है।

 

बागड़ी ने लोगों के बीच कहा कि अब एक भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो जनता के हित में काम कर सकती है यह लोगों को महसूस भी हो रहा है और जनता पूर्ण रूप से भाजपा पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित अन्य प्रदेशों में भाजपा की सरकारों ने अपने प्रदेश और देश में जो विकास का मॉडल प्रस्तुत किया है वह सराहनीय है और जनकल्याणकारी है।

 

इस बात को जनता पूरी तरह से समझ चुकी है। श्री बागड़ी ने समर्थकों और भाजपा उम्मीदवार पूनम पराशर के साथ वार्ड 44 में डोर टू डोर भ्रमण कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान हर जगह लोगों द्वारा जोरदार स्वागत भी किया गया। बागड़ी ने कहा कि पूनम पराशर को जिस तरह से जनता का समर्थन मिल रहा है उसके आधार पर उन्हें भारी विजय प्राप्त होगी।

You cannot copy content of this page