नौजवानों से रोजगार का वादा भाजपा ने किया, लेकिन निभाया नहीं : दीपेन्द्र हुड्डा

Font Size

युवा कांग्रेस का राज्यस्तरीय सम्मेलन

 कांग्रेस सांसद ने  2 साल बाद इसे ब्याज सहित पूरा करने का दिया आश्वासन 

 नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सक्रियता और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान 


नौजवानों से रोजगार का वादा भाजपा ने किया, लेकिन निभाया नहीं : दीपेन्द्र हुड्डा 2गुड़गांव, 15 अप्रैल।
आज कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के राज्यस्तरीय सम्मेलन में पहुंचे। यहां युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह राजा बराड़ की मौजूदगी में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सांसद दीपेन्द्र का गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत किया। सभी पदाधिकारियों का अभिवादन स्वीकार करते हुए दीपेन्द्र ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आज ही के दिन 100 साल पहले बिहार के चंपारण में गांधी जी ने किसानों और मजदूरों के शोषण के खिलाफ चंपारण सत्याग्रह की शुरुआत की थी। जिन आदर्शों पर हमारे देश का संविधान बना था – बराबरी, भाईचारा, स्वतंत्रता – आज वही आदर्श खतरे में हैं। आज देश में ऐसी ताकतें काबिज हो गयी हैं जो भाईचारे को खतरे में डालकर, भाई को भाई से लड़ाकर, कहीं धर्म के आधार पर, कहीं जाति के आधार पर देश को खतरे में डालकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही हैं। अब हम सभी को बराबरी से भाईचारे से और स्वतंत्रता से मिलकर एक परिवार की तरह सक्रियता और सकारात्मकता के साथ लड़ाई लड़ने की शुरुआत करनी है।

उन्होंने भाजपा के झूठे वादों और जुमलों की सच्चाई जनता के सामने उजागर करने का मंत्र देते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा ने युवाओं, किसानों, गरीबों से बड़े-बड़े वायदे करके सत्ता हासिल की। लेकिन लगभग 3 साल बीतने वाले हैं और भाजपा ने लोगों से किये वादों को अभी तक नहीं निभाया। नौजवानों से भाजपा ने वादा किया था कि हर साल 2 करोड़ नयी नौकरियां देंगे और हरियाणा के जिन युवाओं को नौकरी नहीं मिलेगी, उनको 9 हजार रुपया बेरोजगारी भत्ता देंगे। अब हरियाणा में भाजपा सरकार ने इसमें कई तरह की शर्तें जोड़ दी। जबकि चुनाव के समय जो वादा किया था उसमें किसी तरह की शर्त नहीं लगायी थी। भाजपा की शर्तों के आधार पर तो पूरे प्रदेश से केवल 850 नौजवानों को ही बेरोजगारी भत्ता मिल पायेगा। दीपेन्द्र ने कहा कि अगर भाजपा ने 2 साल में नौजवानों से किया वादा पूरा नहीं किया तो 2 साल बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी की सरकार बनवायेंगे और कांग्रेस पार्टी भाजपा के 9 हजार बेरोजगारी भत्ता देने के वादे को ब्याज के साथ पूरा करेगी।

सांसद दीपेन्द्र ने आगे कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और हम सभी को भाजपा और इनकी सरकार पर इस बात का दबाव बनाना है कि 2 साल का समय बचा है लोगों से किये वादे पूरे करो। नहीं तो 2 साल बाद हम गरीबों को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट दिलवायेंगे। किसानों को उसकी फसल का सही भाव दिलवायेंगे। दीपेन्द्र ने बताया कि हमारे समय में किसानों के लिये काफी काम किये गये। यूपीए सरकार ने किसानों के कर्जे माफ किये गये, प्रदेश में पूर्ववर्ती भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सरकार ने किसानों का बिजली बिल माफ किया, ब्याज माफ किया। हर साल फसल का 15 प्रतिशत भाव बढ़ा कर दिया गया।

इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब से कांग्रेस विधायक अमरिन्दर सिंह राजा बराड़ ने युवाओं में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं और इन चुनौतियों से निपटने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी युवा कांग्रेस के कंधों पर है। चुनाव का समय बीत चुका है अब हम सभी को मिलकर देश और प्रदेश में काबिज इस जन विरोधी सरकार को हटाने के लिये लड़ाई लड़नी है। हरियाणा पर सबकी नजर टिकी हुई है। युवा कांग्रेस बहुत बड़ा संगठन है। हमको और आपको एक साथ मिलकर चलना है। हम मेहनत करेंगे तो आगे कामयाबी की सीढ़ी जरुर मिलेगी।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page