” हाईवे पर प्रत्येक 60 किलोमीटर की दूरी पर ट्रॉमा सेंटर “

Font Size
चंडीगढ़, 6 अप्रैल :  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि राज्य में हाईवे पर प्रत्येक 60 किलोमीटर की दूरी पर ट्रॉमा सेंटर खोले जाएंगे ताकि सडक़ दुर्घटनाओं में पीडि़तों को तुरंत चिकित्सा मुहैया करवाई जा सके। इसके अलावा, उन्होंने घोषणा की कि राज्य में पशुओं की चिकित्सा और बेहतर देखभाल के लिए सभी जिलों में सुपर स्पेशलिटी पॉलीक्लिनिक स्थापित किये जाएंगे। 
 
मुख्यमंत्री आज यहां पानीपत और यमुनानगर जिलों में की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में दोनों जिलों की सभी विधासभा क्षेत्रों के विधायक, जिला शिकायत निवारण समिति के चेयरमैन और जिला उपायुक्त भी उपस्थित थे। बैठक में जिला पानीपत की विधानसभा पानीपत शहरी, पानीपत ग्रामीण, इसराना और समालखा तथा जिला यमुनानगर की विधानसभा सढ़ौरा, जगाधरी, यमुनानगर और रादौर की मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की गई। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पशुओं को बेहतर चिकित्सा देखभाल सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध हैं। हालांकि, यह निर्णय लिया गया है कि राज्य के सभी जिलों में सुपर स्पेशलिटी पॉलीक्लिनिक खोले जाएंगे। उन्होंंने कहा कि हरियाणा देश में ऐसा पहला राज्य होगा, जहां हाईवे पर प्रत्येक 60 किलोमीटर की दूरी पर ट्रॉमा सेंटर खोले जाएंगे। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में राज्य में 7 ट्रॉमा सेंटर संचालित हैं और 12 ऐसे ही ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की योजना है। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 19 ट्रॉमा सेंटर की सूची मुहैया करवाई जाए ताकि शेष प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटरों के कार्य को शीघ्र ही शुरू करवाए जा सके। 
 
मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों की विधानसभाओं के सदस्यों से अपने-अपने जिलों के उपायुक्तों के साथ समन्वय स्थापित करके जिलों में किये जा रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के पहले कार्यकाल के अढ़ाई वर्षों की अवधि में कुल 2300 घोषणा की गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने 31 दिसम्बर, 2016 तक 3550 घोषणाएं की हैं, जोकि 1250 घोषणाएं अधिक हैं। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में लगभग 6500 घोषणाएं की थी, परंतु उन्हें उम्मीद है कि पांच वर्ष की अवधि में वे इससे भी ज्यादा घोषणाएं करेंगे।
 
पानीपत जिले में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वे अनाधिकृत कालोनियों में रह रहे लोगों को भी साफ पानी भी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से सम्बंधित स्वच्छता, सीवरेज सुविधा और पेयजल जैसे कार्य तेजी से क्रियान्वित किये जाएं क्योंकि सरकार की प्राथमिकता भी यही है।
 
बैठक में हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री कंवर पाल, मुख्य संसदीय सचिव  बख्शीश सिंह विर्क और श्याम सिंह राणा, जिला पानीपत और यमुनानगर की विधानसभाओं के विधायक और विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव भी उपस्थित थे। 

Table of Contents

You cannot copy content of this page