परिवारवादी व जातिवादी राजनीति पर जनता ने किया कड़ा प्रहार : कैप्टन अभिमन्यु

Font Size

चंडीगढ : हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत के साथ हुई जीत साबित करती है कि भारत के लोग प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के सुशासन, कल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों में श्रद्धा रखते हैं। 
श्री अभिमन्यु ने आज यहां अपने आवास पर एक प्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गोवा और मणीपुर में अभी परिणाम आने बाकी हैं और उम्मीद है कि वहां पर भी बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि लोगों ने परिवारवादी, जातिवादी और कुनबापरस्त की राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। 
उन्होंने बताया कि पंजाब में अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की  10 साल के कार्यकाल रहा है और इस संबंध में जिस प्रकार के ओपीनियन पोल दिखाये जा रहे थे उनको भी धत्ता बताते हुए अपेक्षा से बेहतर परिणाम मिले हैं। पंजाब की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जो जनादेश दिया है। स्वाभाविक है कि प्रदेश के कार्यकर्ता से लेकर सरकार तक की प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सरकार की बेहतर नीतियों को जनता तक पहुंचाने में कुछ कमी रही। इसके अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी के लोग लोक-लुभावने नारे लगाकर व जनता को भ्रमित करने वाला प्रचार करके जनता को अपने पक्ष में करने में सफल रहे। 
उन्होंने कहा कि हार हो या जीत निश्चित तौर पर इन सबका श्रेय और हिस्सा सामुहिक होता है। इस जीत में श्री नरेंद्र भाई मोदी जी का नेतृत्व, नीतियां, भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, भारत सरकार का 3 वर्ष का कार्यकाल, भाजपा का कार्यकत्र्ता और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की जनता का आर्शिवाद शामिल है। 
    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 3 वर्षों के दौरान देश परिवर्तन के लिए जो कदम उठाए हैं जनता ने उस पर मुहर लगाकर आगे बढ़ाने का काम किया है। हम जनादेश का सम्मान करते हैं। इससे  भारत के लोकतंत्र को मजबूती मिली है और हमें विश्वास है कि देश के 125 करोड़ लोग 21वीं सदी में अपने देश को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को एक महान राष्ट्र और विश्व की एक महान शक्ति के रूप में देखना चाहते हैं।
    चुनावों में यशपाल मलिक के भाजपा विरोध के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के जवाब में श्री अभिमन्यु ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर उन ताकतों को यह जवाब देने का काम किया है, जो समाज को बांटकर, टुकड़े-टुकड़े कर राजनीति करते थे।  यह एक प्रकार से ऐसी ताकतों ने हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की शह पर, कांंग्रेस के लोगों के साथ मिलकर और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के एजेंडे पर चल कर सपा व कांग्रेस को पूरा जोर लगाकर सहयोग करने का काम किया था। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील करके भी भाजपा को हराने की पूरी कोशिश की लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता ने ऐसी ताकतों को करारा जवाब देने का काम किया है। मुझे विश्वास है हरियाणा के लोग ऐसे लोगों की सच्चाई को समझेंगे और भाजपा के सुशासन और विकास कार्यों का समर्थन करते हुए सर्व समाज के हित में एक नए हरियाणा का निमार्ण करने का कार्य हमारी सरकार करेगी। 
    उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ढाई वर्ष से सबका साथ-सबका विकास की नीति पर आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा की जीत से हरियाणा के लोग आशवस्त होंगे कि ढाई साल पहले उन्होंने जो जनादेश दिया था उसी भावना को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की जनता ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों का फैसला सही था, अब हरियाणा में समाज को बांटकर राजनीति करने वालों की इस जमीन पर कोई औकात नहीं रहेगी। हरियाणा सर्व समाज की हरियाणा एक-हरियाणवी एक की नीति पर आगे बढ़ेगा। 
        उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चुनावों से भारतीय जनता पार्टी को देश की संसद के साथ-साथ राज्यसभा में भी बहुमत बनने वाला है। उन्होंने कहा कि जो कार्य बहुमत के अभाव में बहुत से विकास कार्य आगे नहीं बढ़ पाते थे अब वे निश्चित तौर पर आगे बढ़ेंगे।    उन्होंने एक अन्य प्रश्न के जवाब में कहा कि मायावती जी को स्वीकार कर लेना चाहिए कि देश में अब जातिवादी और समाज को बांटने की राजनीति को अब समाज स्वीकार नहीं करता है। मायावती को गरिमापूर्वक हार को स्वीकार करते हुए अपने राजनीतिक विचार में समाज को लाकर के देश और प्रदेश हित में सोचना चाहिए और उन्हें सोचना पड़ेगा।
    उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा को एक तरफा प्रचंड बहुमत मिला है और दुसरे दल अपना आधार खो चुके हैं। लोगों को भाजपा में विश्वास है और भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसा दल है जिसे जनता ने ऐतिहासिक बहुमत दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सुशासन और विकास होगा। निश्चित रूप से जनता का यह प्रयोग सफल होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास में पिछड़ गया था, प्रशासन व्यवस्था चरमराई हुई थी, भ्रष्टाचार चरम पर था इसलिए इस विशाल प्रदेश में व्यापक स्तर पर परिवर्तन और विकास करने की आवश्यकता है। भारतीय जनता पार्टी अब उत्तर प्रदेश को पिछड़ा नहीं रहने देगी। 
    उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा 3 वर्षों के दौरान किये गए विकास कार्यों, नोटबंदी तथा पाकिस्तान में जाकर सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादी ठिकानों को समाप्त किया गया, जिस पर लोगों ने परिणाम देकर अपनी मुहर लगा दी है।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page