मेवात बेटी बचाने में आगे लेकिन बेटी पढ़ाने में पीछे : स्मृति इरानी

Font Size

मेवात क्षेत्र का प्रदेश में लिंगानुपात काफी बेहतर 

यूनुस अलवी

 
मेवात बेटी बचाने में आगे लेकिन बेटी पढ़ाने में पीछे : स्मृति इरानी 2मेवात : महिलाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरुक करने के लिए रविवार को पुन्हाना खंड के गांव बिछौर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में महिला सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने की। उन्होंने इस अवसर पर महिलाओं को जागरुक करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों व कर्तव्य को पहचाने और स्वाबलंबी बने ताकि वे उन्हें किसी पर आश्रित न रहना पड़े। वे खुद समाज के विकास में भागीदारी निभाएं।
 
ईरानी ने कहा कि महिलाएं सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को क्रियांवित करवाने में अपना सहयोग दें और इस बारे में अन्य महिलाओं को भी जागरुक करें। क्योंकि जब तक विकास में महिलाओं की बराबर की भागीदारिता नहीं होगी तब तक पूर्ण विकास संभव नहीं है। 
 
उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र शिक्षा की दृष्टि से अभी भी काफी पीछे है। इस बारे में महिलाओं को शिक्षित होकर आगे आना होगा। एक शिक्षित महिला दो परिवारों के विकास में सहयोग करती है। मेवात क्षेत्र का प्रदेश में लिंगानुपात काफी बेहतर है और बेटी बचाने में अच्छा है। लेकिन बेटी पढ़ाने में पीछे है।
 
इस ओर हमें अधिक ध्यान देना होगा ताकि हमारी बेटियां व महिलाएं पढ़-लिखकर एक अच्छे राष्ट्र का निर्माण कर सकें। केंद्र सरकार द्वारा बहुत सी योजनाएं महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही है। जिनमें अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि, मेडिकल क्लेम, सावधि जमा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी अनेकों योजनाएं शामिल है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को जागरुक करते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री बीमा योजना मेें साल में 12 रुपए देकर दो लाख रुपए तक का बीमा करा सकती है। ऐसी अनेकों स्कीम हरियाणा द्वारा चलाई जा रही है। 
 

मेवात में बने विश्व विद्यालय

 
बिछोर गांव की सरपंच अंजुम जेलदार ने केंद्रीय मंत्री के सामने मेवात में विश्वविद्यालय बनाए जाने की मांग रखी। उन्होंने अपने गांव की कुछ मांगे भी रखी। जिनमें गांव के स्कूल का दर्जा आठवीं से बढ़ाकर दसवीं करने, बिछोर गांव में पीने के पानी की समस्या दूर करने, गांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपए की मांग की। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
 
इस अवसर पर एसडीएम पुन्हाना अनीश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप देशवाल, भाजपा नेता इकबाल जेलदार, महिला मोर्चा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सुमन, गीता खामी प्रदेश उपाध्यक्ष, कुसम रानी जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा रोहतक, चेतना अरोड़ा मीडिया प्रभारी महिला मोर्चा, ऊषा शर्मा जिला महामंत्री महिला मोर्चा रोहतक, मीना भाटिया, रेनू भाटिया प्रदेश प्रवक्ता फरीदाबाद सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

You cannot copy content of this page