लक्ष्मण विहार के लोगों को अब वर्षा पानी जमाव से जल्द मिलेगी निजात

Font Size

भाजपा नेता मंगत राम बागड़ी की मांग पर होगी पानी निकासी की मुकम्मल व्यवस्था

कार्यकारी अभियंता राव भोपाल सिंह की टीम ने किया कालोनी का दौरा

गलियों का निर्माण व पेय जल आपूर्ति तथा सीवर डालने का काम भी होगा शुरू

लक्ष्मण विहार के लोगों को अब वर्षा पानी जमाव से जल्द मिलेगी निजात 2गुरुग्राम :  लक्ष्मण विहार के लोगों को अब जल जमाव से जल्द ही निजात मिलेगी। नगर निगम की ओर से कालोनी में वर्षा पानी निकासी की मुकम्मल व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यहां की बाकी बची सभी गलियों का निर्माण व पेय जल आपूर्ति तथा सीवर डालने का काम भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए वार्ड 10 के निवर्तमान पार्षद मंगत राम बागड़ी की मांग पर नगर निगम के कार्यकारी अभियंता राव भोपाल सिंह की टीम ने आज कालोनी का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आश्वस्त किया है कि शीघ्र ही एस्टिमेट तैयार कर कालोनी के बाकी बचे विकास कार्य करावाए जाएंगे।

लक्ष्मण विहार के लोगों को अब वर्षा पानी जमाव से जल्द मिलेगी निजात 3
यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मंगतराम बागड़ी ने यहां जारी विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि वार्ड 10 की लक्ष्मण विहार कालोनी की कई गलियोंं में वर्षा पानी का जमाव हो जाता है। इनमें खास कर शनि मंदिर के आसपास एवं दौलताबाद फ्लाईओवर की ओर से मैन लक्ष्मण विहार बाजार वाली सडक़ शामिल है जहां जल जमाव की समस्या से लोगों को जूूझना पड़ता है। इस संबंध में नगर निगम प्रशासन को उनकी ओर से बारंबार पत्र लिख कर एवं व्यक्तिगत रूप से भी अधिकारियों से मिल कर सूचित किया गया और उनसे मौका मुआयना कर इस समस्या के निराकरण की मांग की गई थी। उनकी मांग पर ही निगम के कार्यकारी अभियंता राव भोपाल सिंह एवं एस डी ओ दलीप सिंह यादव के साथ अधिकारियों की टीम ने निवर्तमान पार्षद मंगत राम बागड़ी की उपस्थिति मेंं बुधवार को कालोनी की अधिकतर गलियों का दौरा किया।

लक्ष्मण विहार के लोगों को अब वर्षा पानी जमाव से जल्द मिलेगी निजात 4
श्री बागड़ी ने कार्यकारी अभियंता श्री सिंह को कालोनी की जल जमाव की समस्या के बारे में विस्तार से समझाया और वर्षा पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। भाजपा नेता ने शनि मंदिर के आसपास के क्षेत्र एवं लक्ष्मण विहार मैन रोड की भौगोलिक स्थिति को दिखाया साथ ही सीवर ओवर फ्लो की समस्या की भी जानकारी दी तथा अधिक क्षमता वाले सीवर डालने की मांग की। इस पर निगम के कार्यकारी अभियंता राव भोपाल सिंह ने सहमति व्यक्त की और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही आवश्यकतानुसार इसका एस्टिमेट तैयार कर इस पर काम किया जाएगा।
इसके अलावा श्री बागड़ी ने निगम अधिकारियों की टीम को कालोनी की उन गलियों का भी दौरा करवाया जिनके निर्माण अभी बाकी रह गए हैं। इन गलियोंं में पानी आपूर्ति लाइनें एवं सीवर भी अधिक क्षमता वाले नए सिरे से डालने एवं निर्माण कराने का आग्रह किया। कार्यकारी अभियंता ने इसके भी एस्टिमेट तैयार कर शीघ्र ही निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा जो गलियां किन्हीं कारण से टूट गई हैं उसकी रिपेयरिंग का काम भी जल्द किया जाएगा।
श्री बागड़ी के अनुसार कुछ गलियों के निर्माण का एस्टिमेट पहले भी तैयार किया गया था लेकिन तकनीकि कारणों से इनका निर्माण नहीं कराया जा सका। अब नए सिरे से कार्यकारी अभियंता के समक्ष सारी वस्तुस्थिति रखी गई है और उन्होंने इस पर काम शुरू करने का पूरा आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही ये सारे काम पूरे किए जा सकेंगे जिससे यहां के निवासियों को सुविधा होगी।

You cannot copy content of this page