-श्री दक्ष प्रजापति के आकर्षक स्वरूप को श्रद्धा पूर्वक प्रदर्शित किया गया व झांकी निकाली गई
-प्रजापति समाज के हजारों नर- नारी हुए शामिल, पूजा अर्चना की और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया
– शोभा यात्रा को सफल बनाने में प्रजापति समाज के युवाओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
गुरुग्राम / सोहना : श्री दक्ष प्रजापति जयंती के उपलक्ष्य पर भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में जिला गुरुग्राम के समस्त प्रजापति समाज की ओर से भव्य व विशाल शोभा यात्रा का आयोजन रविवार 27 जुलाई को किया गया. इस अवसर पर प्रजापति समाज के हजारों लोगों ने श्री दक्ष प्रजापति की पूजा अर्चना की और माल्यार्पण किया. शोभा यात्रा में हरियाणा के सभी जिले से बड़ी संख्या में आए प्रजापति समाज के पुरुष एवं महिलाएं शामिल हुई. समाज की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.
भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन के सभी पदाधिकारी एवं सक्रिय सदस्यों ने शोभा यात्रा में शामिल में होने के लिए हरियाणा के सभी जिले के प्रजापति समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को आमंत्रित किया था . प्रत्येक वर्ष इस अवसर पर सोहना में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाती है. इस बार भी श्री दक्ष प्रजापति की भव्य प्रतिमा के साथ हजारों नर नारी सोहना स्थित जखौपुर से आरंभ हुई इस यात्रा में हर्ष और उल्लास के साथ शामिल हुए. इसमें रंगबिरंगे परिधान में सजे श्री दक्ष प्रजापति के आकर्षक स्वरूप को श्रद्धा पूर्वक प्रदर्शित किया गया , झांकी निकाली गई . यह यात्रा इंद्री मोर से अंबेडकर चौक होते हुए तिकोना पार्क से मैंन बाजार और बस स्टैंड होते हुए प्रजापति धर्मशाला तक आयोजित की गई. शोभा यात्रा के दौरान समाज के लोगों ने भारी उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया. शोभा यात्रा में शामिल सभी लोग श्री दक्ष प्रजापति का जयकारा लगा रहे थे . सृष्टि के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर सभी ने माल्यार्पण किया और आरती की. श्री दक्ष प्रजापति के बताए दर्शन और उनकी आध्यात्मिक शिक्षा का अनुकरण करने की सभी ने प्रतिज्ञा ली.
उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन की ओर से प्रत्येक वर्ष श्री दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर शोभा यात्रा का आयोजन किया जाता है. संस्था के संस्थापक सदस्य होशियार सिंह प्रजापति ने बताया कि हरियाणा के सभी जिले के प्रजापति समाज के सभी परिवार इस अवसर पर सोहना में आमंत्रित किए जाते हैं. बड़े हर्ष और उल्लास के साथ उनकी जयंती मनाई जाती है और सृष्टि की रचना में उनके अनुपम योगदान को याद किया जाता है.
उन्होंने बताया कि हमारे पौराणिक धार्मिक ग्रंथ हमें इस बात की सीख देते हैं कि श्री दक्ष प्रजापति को भगवान ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की जिम्मेदारी दी थी. उन्होंने कहा कि हम सभी उनकी ही संतान हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करते हैं. हमारी वर्तमान व आने वाली पीढ़ी को इस बात का ज्ञान हो सके इलसिए भी इस शोभा यात्रा का आयोजन समाज में जागरूकता पैदा करने के लिए किया जाता है. यह जिम्मेदारी समाज के युवा वर्ग निभाते हैं. इसमें समाज के बुजुर्गों का सहयोग व आशीर्वाद भी मिलता है.
सोहना स्थित प्रजापति धर्मशाला में इस शुभ अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था. शोभा यात्रा में शामिल सभी लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.
शोभा यात्रा को सफल बनाने में संस्थापक सदस्य होशियार सिंह, ओम करण प्रजापति राष्ट्रीय सचिव , नरेश प्रजापति गोहाना प्रदेश अध्यक्ष, राजेंद्र प्रजापति प्रदेश सचिव, जसवंत प्रजापति ब्लॉक अध्यक्ष नूंह , महेश प्रजापति पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सोहना, मास्टर राजेंद्र प्रजापति, राजेंद्र कबाड़ी, धर्मेंद्र प्रजापति, हरिराम प्रजापति, दौलत राम प्रजापति, सोनू प्रधान प्रजापति धर्मशाला, राजकुमार, दीपक प्रजापति, भजन लाल, कन्हैयालाल और संजय मास्टर सहित दर्जनों सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की.

