श्रमिकों की मांग को लेकर एटक 2 को उपायुक्त को सौंपेगी ज्ञापन

Font Size

गुडग़ांव, (अशोक): खांडसा इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित हेमा इंजीनियरिंग श्रमिक यूनियन की बैठक का आयोजन सिविल लाईंस क्षेत्र स्थित कामरेड मुरली कुमार के कार्यालय में किया गया, जिसमें यूनियन के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में पिछले दिनों हुए वेतन समझौते पर भी चर्चा की गई।

 

यूनियन के प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि वेतन समझौते से सभी श्रमिक बड़े ही उत्साहित हैं। बैठक को संबोधित करते हुए श्रमिक संगठन एटक के जिला महासचिव कामरेड अनिल पंवार ने कहा कि आगामी 2 फरवरी को राजीव चौक पर संगठन से जुड़े सभी श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य एकत्रित होंगे और अन्य प्रतिष्ठानों में लंबित पड़ी श्रमिकों की मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनी प्रबंधन श्रमिकों के सामूहिक मांग पत्रों व श्रमिकों की मांगों के प्रति गंभीर दिखाई नहीं दे रहे हैं। वे टालमटोल की नीति अपना रहे हैं, जिससे श्रमिकों में रोष व्याप्त होता जा रहा है।

 

उन्होंने जिला प्रशासन से भी आग्रह किया है कि समय रहते श्रमिकों की मांगों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि प्रतिष्ठानों में श्रमिक शांति बनी रहे। बैठक में श्रमिक नेता रामनिवास यादव, राजू चौहान, सतीश गुर्जर, दिलसिंगार यादव, कामरेड अजय कुमार, सत्यपाल नैन आदि भी शामिल थे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page