भारत व जापान वैश्विक भागीदारी को और मजबूत करने पर सहमत

Font Size

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जापान के नवनियुक्त प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा से फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने जापान के प्रधानमंत्री के रूप में सुगा की नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सफलता के लिए शुभकामना दी।

दोनों नेता इस बात पर सहमत थे कि पिछले कुछ सालों में भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी में काफी प्रगति हुई है और उन्होंने आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित इस रिश्ते को और मजबूत करने का इरादा जताया।

दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच साझेदारी आज के समय में कोविड-19 महामारी सहित वैश्विक चुनौतियों को देखते हुए और भी अधिक प्रासंगिक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की आर्थिक आर्किटेक्चर को लचीला आपूर्ति श्रृंखलाओं पर आधारित बनाया जाना चाहिए और इस संदर्भ में उन्होंने भारत, जापान और अन्य समान विचारधारा वाले देशों के बीच सहयोग का स्वागत किया।

दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी में हुई प्रगति की सराहना की और इस संदर्भ में कुशल श्रमिकों से संबंधित समझौते के टेक्स्ट को अंतिम रूप देने का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति में सुधार के बाद प्रधानमंत्री सुगा को वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का आमंत्रण दिया।

Table of Contents

You cannot copy content of this page