कानपुर एनकाउंटर के दौरान पुलिस से लूटी AK 47 और इंसास राइफल्स विकास दुबे के घर से बरामद करने का दावा,सहयोगी शशिकांत गिरफ्तार

Font Size

कानपुर, 14 जुलाई। यूपी के कानपुर के बिकरू गांव में गत दिनों हुई पुलिस मुठभेड़ के आरोपी और विकास दुबे के सहयोगी शशिकांत को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। शशिकांत के सिर पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। शशिकांत से पूछताछ के आधार पर मुठभेड़ में लूटी गई पुलिस की AK-47 रायफल, 17 कारतूस और इंसास रायफल के 20 कारतूस बरामद करने का पुलिस ने दावा किया हैं।


उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कानपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी अभियुक्त शशिकांत उर्फ सोनू को सोमवार देर रात्रि 2:50 बजे चौबेपुर से गिरफ्तार किया गया।उन्होंने बताया कि शशिकांत ने पूछताछ में जानकारी दी कि लूटा गया असलहा उसके और विकास दुबे के मकान में छिपा है।

इसी के आधार पर विकास दुबे के घर से एके 47 रायफल और 17 कारतूस और शशिकांत के घर से इंसास रायफल और 20 कारतूस बरामद हुए हैं। ये हथियार मुठभेड़ के दौरान पुलिस से लूटे गए थे।  

एडीजी ने आगे बताया कि कानपुर एनकाउटंर केस में 21 आरोपियों के नाम सामने आए हैं जिसमें से अब तक चार को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि छह आरोपी अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ में मारे गए है। उन्होंने बताया कि अभी अन्य 11 की तलाश की जा रही है। विकास दुबे 10 जुलाई को पुलिस एनकाउंटर में मारा गया।

Table of Contents

You cannot copy content of this page