विशाखापट्टनम के रसायनिक संयंत्र से गैस रिसाव, छह की मौत, 100 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

Font Size

विशाखापत्तनम, 7 मई। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में बृहस्पतिवार तड़के एक पॉलिमर संयंत्र से गैस रिसाव के बाद एक बच्चे समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 100 ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी स्थानीय प्रशासन मामलों के मंत्री ने दी है।

अधिकारियों के मुताबिक, गैस रिसाव ने संयंत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों को प्रभावित किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी घटना पर करीब से निगाह रख रहे हैं। रेड्डी ने जिंदगियां बचाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हरसंभव कदम उठाने के लिए जिले के अधिकारियों से कहा है।

उनके कार्यालय ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री विशाखात्तनम में किंग जॉर्ज अस्पताल जाएंगे जहां बीमारों का इलाज चल रहा है।

स्थानीय प्रशासन और शहरी विकास मंत्री बी सत्यनारायण ने बताया कि एक आठ साल के बच्चे समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज्यादा लोगों को अलग अलग सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दक्षिण कोरिया की कंपनी एलजी पॉलिमर्स पॉलीस्टीरीन और कई कामों में आने वाला प्लास्टिक बनाती है जिसका इस्तेमाल अलग अलग तरह के उत्पाद बनाने में होता है जैसे खिलौने। यह 1961 से संचालित है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page