निगम चुनाव में व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर एकजुटता के साथ दे समाज के प्रत्याशियों का साथ : अशोक बुवानीवाला

Font Size

शाहबाद : चुनाव जैसी प्रक्रिया में समाज की शक्ति उसकी एकजुटता और मतदान प्रतिशत से तय होती है। यदि वैश्य समाज संगठित होकर अपने अधिकार और कर्तव्य दोनों को समझे, तो किसी भी चुनाव की दिशा और दशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ये बात अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने स्थानीय नई अनाज मंडी मे डॉ. प्रदीप गोयल के प्रतिष्ठान पर समाज के बंधुओं को सम्बोधित करते हुए कही। इस मौके पर समाज के लोगों से नगर निगम चुनाव के संभावित परिदृश्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां-जहां वैश्य उम्मीदवार मैदान में हैं, वहां समाज को व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर एकजुटता के साथ उनका समर्थन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह समर्थन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक शक्ति का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल जीत नहीं, बल्कि सम्मानजनक और ऐतिहासिक जीत होना चाहिए, ताकि नगर निगम में वैश्य समाज की आवाज बुलंद और प्रभावी रूप से सुनी जा सके। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक संगठन जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं होगा, तब तक बड़े लक्ष्य हासिल करना कठिन है।

वैश्य नेता ने समाज के लोगों से आगामी नगर निगम चुनाव में वैश्य उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने और वैश्य समाज से शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा समाज परंपरागत रूप से व्यापार, सेवा और सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम राजनीतिक भागीदारी में भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएं। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि यह समय व्यक्तिगत स्वार्थ या मतभेदों का नहीं है। यह समय समाज के गौरव और भविष्य की रक्षा का है। यदि हम आज एकजुट होकर सही निर्णय लेते हैं, तो आने वाली पीढिय़ां हमें याद रखेंगी कि हमने संगठन और एकता की मिसाल कायम की थी।

उन्होंने कहा कि वैश्य समाज अब नगर निगम चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय और संगठित है, इसलिए आगामी चुनाव में अग्रवाल वैश्य समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने शाहबाद मंडी के प्रमुख बाजारों का भ्रमण भी किया और व्यापारियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर आगामी 7 मार्च को वृंदावन में आयोजित होने वाले अग्रवाल वैश्य समाज के प्रांतीय अधिवेशन का न्यौता भी दिया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और रासलीलाओं से अनुप्राणित वृंदावन की धरा आज भी कण-कण में आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है और ऐसे दिव्य वातावरण में संगठन की बैठक समाज को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगी। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद सिंगला, उपाध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता, महासचिव राजेश सिंगला, प्रवक्ता सुमित गर्ग सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Table of Contents

You cannot copy content of this page