-महापुरूषों की जयंती पर समाजसेवा के कार्य ही सच्ची श्रद्धांजली : अशोक बुवानीवाला
गुरुग्राम। पंजाब केसरी लाला लाजपत राय सामाजिक चेतना, राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान के प्रतीक थे। ये उद्गार अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने आज लाला लाजपतराय जयंती अवसर पर समाज की युवा इकाई द्वारा आयोजित विशाल स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर के दौरान अपनी श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहे। शिविर का आयोजन अग्रवाल वैश्य समाज युवा प्रकोष्ठ के साथ रेड क्रॉस सोसायटी, गुरुग्राम तथा फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस मौके पर बुवानीवाला ने कहा कि लाला जी संपूर्ण जीवन देश और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। ऐसे महान पुरुष की जयंती पर यदि समाज सेवा के कार्य किए जाएं, तो यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय ने अपने विचारों और संघर्षों के माध्यम से देशवासियों में जागरूकता पैदा की और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जन-आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने समाज को यह सिखाया कि जब तक हम संगठित नहीं होंगे, तब तक किसी भी प्रकार के अन्याय का मुकाबला नहीं कर सकते। आज के समय में भी उनके विचार उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में थे।

अशोक बुवानीवाला ने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज हमेशा से राष्ट्रनिर्माण, समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है। समाज का यह दायित्व है कि वह केवल व्यापार या आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करे। स्वास्थ्य और रक्तदान जैसे कार्य सीधे मानव जीवन से जुड़े होते हैं और ऐसे आयोजनों से समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि आज बदलती जीवनशैली के कारण अनेक लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन अत्यंत आवश्यक हो गया है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान हो सके और लोगों को उचित परामर्श मिल सके। शिविर मे 150 रोगियों का उपचार कर दवाई दी गई। वहीं रक्तदानियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से हम जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। एक यूनिट रक्त किसी अनमोल जीवन की रक्षा कर सकता है।
इस अवसर पर युवा जिलाध्यक्ष अंकुश गुप्ता, महिला विधानसभा अध्यक्ष रेणु गोयल, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार, राजकुमार अग्रवाल, तुषार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम के चिकित्सकों ने दिया स्वस्थ जीवनशैली पर बल :
एमिटी यूनिवर्सिटी में आयोजित इस शिविर में फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम की अनुभवी चिकित्सक टीम ने शिविर में सेवाएं दीं। डॉक्टरों ने न केवल स्वास्थ्य जांच की, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में भी जागरूक किया। कई मरीजों को प्रारंभिक परामर्श देकर आगे के इलाज की सलाह दी गई। वहीं रक्तदान शिविर में भी युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। रेड क्रॉस सोसायटी की टीम ने रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न किया।

