30 नवम्बर को ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ कार्यक्रम के तहत होगा जनआंदोलन का आयोजन : अशोक बुवानीवाला

Font Size

-इंदिरां गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेसियों ने अर्पित की श्रद्धांजली

रोहतक । इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व केवल भारत तक सीमित नहीं था, बल्कि वे विश्व राजनीति में एक सशक्त, निर्णायक और प्रभावशाली नेता रहीं। इंदिरा गांधी ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी देशहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए। ये उद्गार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के उद्योग सैल के चेयरमैन एवं रोहतक जिला प्रभारी अशोक बुवानीवाला ने आज स्थानीय कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत की आयरन लेडी श्रीमती इंदिरा गांधी के जन्मदिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कही। इस मौके पर जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, शहर के वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवा साथियों ने भाग लिया। इस दौरान इंदिरा गांधी के समक्ष पुष्प अर्पित करते हुए बुवानीवाला ने कहा कि उनके जीवन से देश के हर नागरिक को राष्ट्रहित, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और जनता के प्रति समर्पण की भावना सीखने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने 1971 के युद्ध में भारत का वीर नेतृत्व किया और देश को विजय दिलाकर विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई। बांग्लादेश के निर्माण और पाकिस्तान की करारी हार के साथ भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शक्ति का लोहा मनवाया, जिसका श्रेय इंदिरा गांधी की दूरदृष्टि और मजबूत नेतृत्व को जाता है।

बुवानीवाला ने कहा कि उनके कार्यकाल में गरीबी हटाओ अभियान, हरित क्रांति, बैंकों का राष्ट्रीयकरण, वैज्ञानिक प्रगति और अंतरिक्ष कार्यक्रमों की मजबूत नींव रखकर इंदिरा गांधी ने भारत को विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाया। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि इंदिरा गांधी ने कभी भी सत्ता को लक्ष्य नहीं माना, बल्कि देशहित को सबसे ऊपर रखा। उन्होंने कहा कि आज जब राजनीति में स्वार्थ, अवसरवाद और व्यक्तिगत हित अपनी चरम सीमा पर पहुंच रहे हैं, तब इंदिरा गांधी का जीवन हम सभी को याद दिलाता है कि राजनीति जनता की सेवा का माध्यम है, सत्ता का सुख नहीं।

इस मौके पर कांग्रेस नेता अशोक बुवानीवाला हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे जनआंदोलन “वोट चोर – गद्दी छोड़” अभियान को जिले स्तर पर मजबूत आधार देने के लिए जनआंदोलन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह, सांसद दीपेन्द्र हुड्डा के नेतृत्व में 30 नवम्बर को जन आंदोलन का आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम जनता की आवाज को मजबूती देने तथा वर्तमान सरकार की नीतियों, जन-विरोधी निर्णयों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर किए जा रहे कथित हमलों के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाणा और देशभर की जनता को यह संदेश देना है कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने से नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही निभाने से चलता है। बुवानीवाला ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, चाहे वह लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव हो, विपक्ष की आवाज़ दबाना हो या चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाली गतिविधियाँ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को जनता की आवाज़ बनकर लड़ेगी।

इस दौरान कांग्रेस नेता चक्रवती शर्मा ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन युवाओं के लिए एक आदर्श है। वे हमेशा दृढ़ इच्छा शक्ति, साहस और निर्भीक नेतृत्व की मिसाल रही। अगर आज के युवा उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज की मुख्यधारा में उतरें, तो देश के विकास और लोकतंत्र की मजबूती में अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे इंदिरा गांधी की विचारधारा को जीवित रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। कांग्रेस पार्टी का मूल सिद्धांत जनता के लिए काम करना है और यह सिद्धांत इंदिरा गांधी ने अपने जीवन में पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कहा कि पार्टी और कार्यकर्ता उनके पदचिह्नों पर चलते हुए समाज की हर समस्या का समाधान ढूंढने और जनता की आवाज़ बुलंद करने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शहरी कुलदीप सिंह केडी, अध्यक्ष ग्रामीण बलवान सिंह रंगा ने नवनियुक्त प्रभारी का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जनजाति कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा पार्षद व पूर्व पार्षद काग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page