पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्राप्त लक्ष्यों को 29 फरवरी तक करें पूरा : निगमायुक्त

Font Size

  • नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ ने समीक्षा बैठक के दौरान दिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश

गुरूग्राम, 23 फरवरी। नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना स्ट्रीट वेंडर्स को अपना कारोबार शुरू करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की एक महत्वपूर्ण योजना है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सरकार द्वारा योजना के तहत दिए गए लक्ष्य 29 फरवरी तक पूरे कर लिए जाएं।

पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्राप्त लक्ष्यों को 29 फरवरी तक करें पूरा : निगमायुक्त 2

निगमायुक्त ने उक्त निर्देश शुक्रवार को निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान स्ट्रीट वेंडिंग का कार्य करने वालों के कारोबार ठप्प हो गए थे। दुबारा से उन्हें अपना कारोबार शुरू करने के लिए भारत सरकार द्वारा पीएम स्वनिधि योजना की शुरूआत की गई थी। योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों के माध्यम से सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध करवाया जाता है, जिसमें नियमित भुगतान पर 9 प्रतिशत सब्सिडी, डिजीटल लेनदेन पर साल में 1200 रूपए तक कैशबैक तथा समय से भुगतान करने पर अगली बार बड़ा ऋण दिए जाने का प्रावधान है। योजना के तहत प्रथम चरण में 10 हजार रूपए, दूसरे चरण में 20 हजार रूपए तथा तीसरे चरण में 50 हजार रूपए का ऋण देने का प्रावधान किया गया है।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा गुरूग्राम को 55 हजार आवेदन करवाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से 48 हजार आवेदन करवाए जा चुके हैं। आवेदन के लिए लाभार्थी के पास आधार कार्ड, बैंक खाते की पासबुक तथा मोबाइल नंबर होना चाहिए। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा लाभार्थियों के ऑनलाईन आवेदन करके विभिन्न बैंकों के पास भेजे जाते हैं। बैंक इन आवेदनों को ऋण के लिए स्वीकृत करता है तथा ऋण राशि डिस्बर्समैंट का कार्य भी बैंकों द्वारा ही किया जाता है।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नए बने सभी 36 वार्डों में विशेष कैंप लगाकर पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ प्रदान करें। कैंप आयोजन में पूर्व पार्षदों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग लें। इसके साथ ही जिन लाभार्थियों के आवेदन बैंकों में भेजे गए हैं, उन बैंक शाखाओं में लाभार्थियों को भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि जल्द से जल्द बैंक आवेदनों को स्वीकृति देकर ऋण राशि लाभार्थियों को दे सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभार्थियों ने पहले चरण के ऋण की अदायगी कर दी है, उन्हें दूसरे चरण का ऋण दिलवाएं तथा दूसरे चरण के ऋण की अदायगी करने वालों को तीसरे चरण का ऋण दिलवाना सुनिश्चित करें।

किसे मिलेगा पीएम स्वनिधि योजना का लाभ : पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी, फड़ी विक्रेताओं के अलावा, समाचार पत्र हॉकर, लॉन्ड्री का कार्य करने वाले, केबल टीवी ऑपरेटर, साइकिल मरम्मत करने वाले, कारपेंटर, कोरियर सर्विस, हेयर ड्रेसिंग, ताले-चाबी का कार्य करने वाले, मोची, गाडिय़ों की सफाई करने वाले, पैकिंग व पैकेजिंग का कार्य करने वाले, जूते पॉलिस करने वाले, ऑटोमोबाइल सर्विस, कपड़े डाई करने वाले, बुक बाईंडिंग, टैंट तथा फोटोकॉपी व लेमीनेशन संबंधी कार्य करने वाले भी लाभ ले सकते हैं। जिन व्यक्तियों ने अभी तक योजना का लाभ नहीं लिया है, वे सिविल अस्पताल के सामने स्थित नगर निगम गुरूग्राम के सिटी प्रोजैक्ट अधिकारी कार्यालय में संपर्क करके अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन करें।

Table of Contents

You cannot copy content of this page