टोहाना बाॅर्डर पर तैनात हरियाणा पुलिस के अधिकारी एसआई विजय कुमार का निधन

Font Size

– ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ा स्वास्थ्य, अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

चंडीगढ़, 21 फरवरी। किसान आंदोलन में टोहाना बाॅर्डर पर तैनात एक और पुलिसकर्मी एसआई विजय कुमार का देर सांय निधन हो गया। उनकी ड्यूटी किसान आंदोलन के दौरान टोहाना बाॅर्डर व आस पास के क्षेत्र में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत दुखद है, हरियाणा पुलिस दुखः की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ है। किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा पुलिस के तीसरे होनहार पुलिस अधिकारी का देहांत हमारे लिए काफी दुखद है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार की ड्यूटी किसान आंदोलन के दौरान टोहाना बाॅर्डर पर लगाई गई थी। वे 40 वर्ष के थे और वर्तमान में हरियाणा प्रवर्तन ब्यूरो नूंह के चौकी में कार्यरत थे। वे सदैव अपनी ड्यूटी को पूरी कर्तव्यनिष्ठा से निभाते थे और अपने सहकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई सराहनीय कार्य किए। स्व. सब इंस्पेक्टर विजय कुमार का अंतिम संस्कार रोहतक में किया गया। उनकी अचानक मृत्यु से हरियाणा पुलिस में शौक का वातावरण है।

गौरतलब है कि 16 फरवरी को शंभू बाॅर्डर पर तैनात जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर हीरालाल की भी अचानक तबीयत खराब होने से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद 20 फरवरी को अंबाला में इसी बाॅर्डर पर ड्यूटी के दौरान ईएसआई कौशल कुुमार का निधन हुआ। सोमवार 20 फरवरी को हरियाणा पुलिस ने अपना एक और पुलिसकर्मी खो दिया। इस प्रकार किसान आंदोलन में अब तक हरियाणा पुलिस के 3 पुलिस अधिकारियों की जान जा चुकी है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page