आयकर विभाग ने कांग्रेस पार्टी के 4 बैंक अकाउंट सील कर दिए

Font Size

नई दिल्ली :  आयकर विभाग ने कांग्रेस पार्टी के 4 बैंक अकाउंट सील कर दिए हैं. इन सभी एकाउंट्स से पार्टी के पैसे निकालने पर प्रतिबन्ध लगा दिया है . इसमें युवा कांग्रेस के एकाउंट्स भी शामिल हैं . यह जानकारी कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के सारे अकाउंट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अकाउंट पर तालाबंदी कर दी गई है।

अजय माकन ने कहा कि ये कांग्रेस पार्टी के अकाउंट्स फ्रीज नहीं हुए, हमारे देश का लोकतंत्र फ्रीज हो गया है। बैंक खाते तो BJP के फ्रीज होने चाहिए, क्योंकि जो असंवैधानिक कॉर्पोरेट बांड उन्होंने अपने खातों में डाल रखे हैं, सुप्रीम कोर्ट के अनुसार असंवैधानिक हैं। उन्होंने कहा कि हमारे खातों में कार्यकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन डोनेशन से जुटाया गया पैसा है। इसे इनकम टैक्स और मोदी सरकार कैसे फ्रीज कर सकती है। इस कदम से स्पष्ट है कि अब हमारे देश में लोकतंत्र नहीं रहा। ऐसा लगता है देश में ‘वन पार्टी सिस्टम’ लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बैंक खातों को क्यों सील किया गया? इसके कारण बहुत ही हास्यास्पद हैं।  उनके अनुसार  1. हमें 31 दिसंबर 2019 तक अपने अकाउंट्स जमा करने थे, लेकिन हमें कुछ देर हो गई। इस वजह से हमारे खातों को सील कर दिया गया। 2. 2018-19 चुनाव का वक्त था, जिसमें कांग्रेस के 199 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इसमें हमारे MLAs और MPs ने सिर्फ 14 लाख 40 हजार रुपए कैश में जमा किए थे, जो उनका वेतन था।

 

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस वजह से कांग्रेस पर 210 करोड़ रुपए की पेनाल्टी लगी दी गई है। उन्होंने शोशल मिडिया एक्स पर कहा है कि “हमारी याचिका पर आयकर विभाग और आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (ITAT) ने कहा है कि कांग्रेस को यह सुनिश्चित करना होगा कि 115 करोड़ रुपये बैंक खातों में जमा रहें. यह 115 करोड़ बैंक खातों में अंकित ग्रहणाधिकार है। हम इस 115 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ही खर्च कर सकते हैं। इसका मतलब है कि 115 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए गए हैं. विडंबना यह है कि हमारे चालू बैंक खातों में 115 करोड़ रुपये से काफ़ी कम पैसे ही हैं”

इस मामले पर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि “सत्ता के नशे में चूर, मोदी सरकार ने लोक सभा चुनाव के ठीक पहले देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस – के Accounts Frozen कर दिए है। ये लोकतंत्र पर गहरा आघात है। भाजपा ने जो असंवैधानिक धन इकट्ठा किया है, उसका इस्तेमाल वे चुनाव में करेंगे, लेकिन हमने क्राउडफंडिंग के जरिए जो पैसा इकट्ठा किया है, उसे सील कर दिया जाएगा। इसीलिए हमने कहा है कि भविष्य में कोई चुनाव नहीं होंगे !हम न्यायपालिका से अपील करते हैं, कि इस देश में Multi-Party System को बचाएं और भारत के लोकतंत्र को सुरक्षित करें। हम सडकों पर उतरेंगे और इस अन्याय व तानाशाही के ख़िलाफ़ पुरज़ोर तरह से लड़ेंगे।”

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोशल मिडिया एक्स पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि ” डरो मत मोदी जी, कांग्रेस धन की ताकत का नहीं, जन की ताकत का नाम है।हम तानाशाही के सामने न कभी झुके हैं, न झुकेंगे। भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर कांग्रेस कार्यकर्ता जी जान से लड़ेगा।”

You cannot copy content of this page