निगमायुक्त व जिला उपायुक्त की सफाई यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक : काम पर लौटने को कहा

Font Size

गुरूग्राम, 30 नवम्बर। नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त पीसी मीणा तथा जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने वीरवार को एक बार फिर सफाई कर्मचारी यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए काम पर वापिस आने की एक बार फिर अपील की गई।

बैठक में सफाई कर्मचारी यूनियन प्रतिनिधियों से कहा गया कि निगम व जिला प्रशासन प्रत्येक स्तर पर सफाई कर्मचारियों की मांगों का समाधान करवाने का प्रयास कर रहा है। यूनियन प्रतिनिधि जिस भी स्तर पर बैठक करना चाहते हैं, निगम व जिला प्रशासन उनकी बैठक आयोजित करवाएगा। यूनियन प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे स्वेच्छा से काम पर वापिस आने वाले सफाई कर्मचारियों को ना रोकें क्योंकि कई सफाई कर्मचारियों द्वारा बताया गया है कि उन्हें डरा-धमकाकर काम पर आने से रोकने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही निगम प्रशासन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर हड़ताली कर्मचारियों द्वारा काम में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की जाती है। यूनियन प्रतिनिधियों से एक बार फिर से अनुरोध किया गया कि वे सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न ना करें।

उल्लेखनीय है कि निगम व जिला प्रशासन द्वारा सफाई कर्मचारी यूनियन के साथ आयोजित होने वाली बैठकों में काम पर वापिस लौटने की बार-बार अपील की जा रही है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए निगम प्रशासन अपने स्तर पर कार्य कर रहा है, लेकिन कुछ हड़ताली कर्मचारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हैं, जो कि जनहित में सही नहीं है। शहरवासियों में यह भी चर्चा बनी हुई है कि निगम रोल पर लगे हुए सफाई कर्मचारियों का हड़ताल पर जाना न्यायोचित्त नहीं है। निगम रोल कर्मचारियों को वेतन की अदायगी नगर निगम द्वारा की जाती है तथा ना तो उनकी कोई समस्या है, ना ही कोई मांग है और ना ही ठेकेदारों से उनका कोई वास्ता है। निगम रोल कर्मचारियों को इस बेबुनियादी हड़ताल पर नहीं जाना चाहिए।

1000 से अधिक निगम रोल कर्मचारी काम पर लौटे : नगर निगम गुरूग्राम क्षेत्र में निगम रोल पर लगे 1000 से अधिक कर्मचारी हड़ताल छोडक़र जनहित को ध्यान में रखते हुए काम पर वापिस लौट आए हैं तथा शेष बचे कर्मचारियों से भी बार-बार काम पर लौटने की अपील की जा रही है। वहीं दूसरी, ओर कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले सफाई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई भी निगम द्वारा की जा रही है। इसके तहत 26 सफाई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। इसके अलावा, अपने गलत आचरण से नगर निगम की छवि को धूमिल करने वाले 2 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने के साथ ही एक कर्मचारी को निलंबित भी किया गया है। साथ ही काम में बाधा उत्पन्न करने वाले व काम पर नहीं लौटने वाले कर्मचारियों को अल्टीमेटम भी नगर निगम गुरूग्राम द्वारा दिया गया है।

You cannot copy content of this page