हरियाणा सरकार ने 9 सालो में प्रदेश का चौतरफा विकास किया : डा. सुधा यादव

Font Size

– सेवा के संकल्पों के परिणामों को महसूस कर रहे हैं हरियाणा के लोग: डा. सुधा यादव
– हर योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम से अंतिम व्यक्ति तक पहुचाया गया
– जनहितैषी कार्यों की बदौलत 2024 में तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार
– सेवा के संकल्पों के परिणामों को महसूस कर रहे हैं हरियाणा के लोग

गुरुग्राम, 28 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति सदस्य तथा पूर्व सांसद डा. सुधा यादव ने कहा कि हरियाणा की मनोहर सरकार के 9 सालों का कार्यकाल व्यवस्था परिवर्तन, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास, संवेदनशील व पारदर्शी प्रशासन और अंत्योदय उत्थान का साक्षी रहा है। प्रदेश सरकार ने हरियाणा का चौतरफा विकास किया है। इन 9 सालों में व्यवस्था परिवर्तन से सुशासन और सुशासन से सेवा के संकल्पों के परिणाम को प्रदेशवासी महसूस कर रहे हैं। शनिवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में मनोहर सरकार के 9 साल की उपलब्धियों को पत्रकारों के साथ साझा करते हुए डा. सुधा यादव ने कहा कि जनहित के कार्यों की बदौलत 2024 में केंद्र व प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, जिला महामंत्री मनीष गाडौली, महेश यादव व जिला मीडिया प्रमुख अजीत यादव, सह मीडिया प्रमुख जयवीर यादव व नीरज यादव उपस्थित रहे।

डा. सुधा यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने ऐसी व्यवस्था कायम की है, जिसने भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है। भाई-भतीजावाद व क्षेत्रवाद को खत्म कर प्रदेश का एक समान विकास किया है। आज हरियाणा के विकास की दशा व दिशा पूरी तरह बदल गई है।  सरकारी सेवाओं व योजनाओं के लाभ घर बैठे मिल रहा है।  बिना सिफारिशों के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में सुधार लाने के विजन व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय से संपूर्ण विकास की अवधारणा पर चलते हुए प्रदेश में समाज कल्याण के एक नए युग का सूत्रपात किया है।

डा. सुधा यादव ने कहा कि पानी के मामले में दक्षिणी हरियाणा के साथ 2014 से पहले पक्षपात किया जा रहा था। हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली बार दक्षिण हरियाणा की माइनरों में 39 साल के बाद सभी टेल तक पानी पहुंचा। हर घर नल से पहुंच रहा है। केंद्र की आयुष्मान और प्रदेश की चिरायु योजना का भी हर गरीब को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सफलतापूर्वक लागू करके जन्म के समय लिंगानुपात जो वर्ष 2014 में 871 था, वो आज सुधरकर 932 (सितम्बर, 2023) तक पहुंचा है।

डा. सुधा यादव ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मोदी और मनोहर सरकार ने अनेक काम किए हैं। महिलाएं सुरक्षित रहें इसके लिए महिला थाने खोले, अलग से कालेज बनाकर महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। भाजपा के शासनकाल में लड़कियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं, बीएसएफ व आर्मी में भर्ती होकर देश की सेवा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के विकास की दशा व दिशा पूरी तरह बदल गई है।

डा. सुधा यादव ने कहा कि आज प्रदेश के किसान खुशहाल है, उद्योग का पहिया तेजी से घूम रहा है, विश्व स्तर का इन्फ्रास्ट्रक्चर, गरीब से गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और युवा स्वाभिमानी एवं स्वावलंबी बन रहे हैं। आज यह कहते हुए गर्व है कि आज परिस्थितियां एकदम बदली हुई हैं। हमने नेक नीयत और बुलंद इरादों के साथ जनता के अविश्वास को विश्वास में बदला है। निराशा को आशा में बदला है।  जन-आकांक्षाएं फलीभूत हो रही हैं और एक नया हरियाणा बना है।

डा. सुधा यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया। जम्मू कश्मीर से धारा-370 को हटाया। आज जम्मू कश्मीर में टूरिज्म तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित होने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व दृढ़ इच्छा शक्ति से देश कोविड जैसी महामारी से बाहर निकला। जी-20 की सफलता से भारत की प्रतिष्ठा दुनिया में और बढ़ी है। दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्ष प्रधानमंत्री के पैर छू रहे हैं यही बदलता हुआ भारत है।

You cannot copy content of this page