इंडिया गठबंधन का कौन होगा संयोजक व पीएम् चेहरा : शरद पवार ने बताया ?

Font Size

सुभाष चौधरी /The Public World 

नई दिल्ली / मुंबई : देश के विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन में शामिल 28 पार्टियों की मुंबई में होने वाली बैठक से पूर्व एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि हमारा गठबंधन कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तैयार करेगा जिसके अनुसार हम सभी काम करेंगे.  उन्होंने बल देते हुए कहा कि यह गठबंधन किसी भी ऐसे दल को शामिल करने पर विचार नहीं करेगा जिससे किसी प्रकार का मतभेद पैदा हो.  उन्होंने साफ़ कर दिया कि असदुद्दीन ओवैसीबीआरएस और पंजाब  के अकाली दल  को गठबंधन में शामिल करने  पर कोई विचार नहीं किया गया है.  इंडिया गठबंधन की कोआर्डिनेशन कमेटी गठित करने या इसका संयोजक चुने जाने का मामला अगले 2 दिनों तक चलने वाली बैठक के बाद देश के साथ साझा किया जाएगा. 

 

 श्री पवार आज मुंबई में इंडिया गठबंधन कि 2 दिन तक चलने वाली बैठक से पूर्व महा विकास अघाड़ी गठबंधन की ओर से तैयारियों की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने पत्रकारों के सवाल पर यह साफ कर दिया कि जिन दलों को गठबंधन में शामिल करने से मतभेद बढ़ेंगे ऐसा काम हम नहीं करेंगे. पत्रकारों ने उनसे असदुद्दीन ओवैसी,  वीआरएस और पंजाब  के अकाली दल को गठबंधन में शामिल करने संबंधी सवाल पूछा था. 

 

 शरद पवार ने पत्रकारों को बताया कि बेंगलुरु की बैठक में 26 दल शामिल हुए थे जबकि इस बार 28 राजनीतिक दलों के  प्रतिनिधि मुंबई की बैठक में शामिल होंगे.  उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों से जिस प्रकार के रुझान देखने को मिल रहे हैं उससे यह स्पष्ट है कि इंडिया गठबंधन देश में एक मजबूत विकल्प देने को तैयार है.  इसके आधार पर हम देश में सत्ता परिवर्तन करने में कामयाब होंगे. 

 

 इससे पूर्व पत्रकार वार्ता को  मराठी और हिंदी दोनों ही भाषाओं में संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी पर यह कहते हुए कटाक्ष किया कि आज मुस्लिम महिलाओं से उस पार्टी के नेता राखी बंधवा रहे हैं.  उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम महिलाओं का इतना ही ख्याल है तो भाजपा के नेताओं को गुजरात की बिलकिस बानो से राखी बंधवाने की शुरुआत करनी चाहिए. 

 

उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम देश को एक परिवार मानते हैं और देश की रक्षा के लिए एक साथ आए हैं.  हम तानाशाही और जुमलेबाजी के खिलाफ लड़ने के लिए एकत्र हुए हैं.  उन्होंने कहा कि  इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक से पहले ही एनडीए की  सरकार इतने दबाव में आ गई कि उन्होंने एक दिन पहले ही एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹200 कम कर दी.  उन्होंने यह कहते हुए तंज कसा कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं अगर भाजपा सरकार इंडिया गठबंधन के दबाव में पूरे देश को एलपीजी सिलेंडर निशुल्क देने का निर्णय कर ले.

 

शिवसेना प्रमुख ने बल देते हुए सवाल किया की आज अचानक देश के बहनों को गिफ्ट देने की याद नरेंद्र मोदी सरकार को क्यों आ गई ? क्या 9 साल तक रक्षाबंधन नहीं हुआ था ?  इससे पहले बहनों की याद उन्हें क्यों नहीं आई ?  उन्होंने कहा कि यह पब्लिक है सब जानती है.  अब भाजपा सरकार कुछ भी करेगी तो कोई उनको बचाने वाला नहीं है. 

 

 उन्होंने कहा कि अंग्रेज भी देश में विकास करते थे फिर भी हमने इकट्ठा होकर उन्हें देश से बाहर किया क्योंकि हमें आजादी चाहिए थी.  इसलिए विकास के साथ-साथ हमें आजादी भी चाहिए.  आजादी सबसे महत्वपूर्ण है इसलिए हम सभी आज एक हैं.

 

 इंडिया गठबंधन का संयोजक चुने जाने और बैठक का एजेंडा के संबंध में पूछे गए सवाल पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह 2 दिनों तक चलने वाली बैठक के बाद साझा करेंगे.  मुंबई को केंद्र शासित प्रदेश बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्यों को समान अधिकार है.  उसमें अनावश्यक हस्तक्षेप करने या उसकी स्वायत्तता समाप्त करने का पुरजोर विरोध किया जाएगा. पत्रकारों ने जब उनसे इंडिया गठबंधन के पीएम कैंडिडेट के बारे में सवाल किया तो उन्होंने प्रति सवाल करते हुए पूछा कि सवाल यह नहीं है कि हमारा चेहरा कौन होंगे सवाल यह है कि बीजेपी के पास नरेंद्र मोदी के अलावा और कौन विकल्प है ?  उन्होंने कहा कि हमारे पास कई चेहरे हैं प्रधानमंत्री बनने वाले. 

 

पत्रकार वार्ता को  कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वान ने कहा कि इंडिया की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है और हम सब  इंडिया गठबंधन को मजबूत करने के लिए तैयार हैं.  मुंबई में होने वाली बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है.  उनका कहना था कि इससे पूर्व पटना और बेंगलुरु में हुई बैठक के बाद मुंबई में तीसरी बैठक का आयोजन अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण है.  उन्होंने कहा कि  महाराष्ट्र का आजादी से लेकर देश के विकास तक महत्वपूर्ण योगदान रहा है.  इस राज्य ने देश को हमेशा नेतृत्व प्रदान किया है. 

 

 उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहा है.  इंडिया गठबंधन और एनडीए गठबंधन  की जनाधार की चर्चा करते हुए अशोक चौहान ने कहा कि वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन में वर्तमान में शामिल सभी पार्टियों को कुल ₹23 करोड़ 40 लाख वोट हासिल हुए थे जबकि भारतीय जनता पार्टी को केवल 22 करोड़ 90 लाख ही मिले थे.  बावजूद इसके भाजपा सत्ता में काबिज हो गई.  इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इंडिया गठबंधन कितना मजबूत है.  उन्होंने बल देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन में वर्तमान में देश के 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं.  उन्होंने कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारों को तोड़फोड़ कर गिराया.  उनका कहना था कि महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी गठबंधन एक बार फिर सत्ता में वापस होगी.

 

 इससे पूर्व पत्रकार वार्ता को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने भी संबोधित किया.  उन्होंने कहा कि मुंबई में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई.  सभी आने वाले मेहमानों का स्वागत महाराष्ट्र की संस्कृति के अनुसार किया जाएगा.  उन्होंने कहा कि ज्यों-ज्यों इंडिया गठबंधन आगे बढ़ेगा  चीन पीछे हटेगा.  उन्होंने कहा कि पहले 26 दल गठबंधन में शामिल थे जबकि अब 28 दल शामिल होने वाले हैं. 

 

 पत्रकार वार्ता के आरंभ में शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने  31 अगस्त और 1 सितंबर को इंडिया का बंधन की होने वाली बैठक की रूप रेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी.  उन्होंने  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान को दोहराते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की दो बैठकों का ही कमाल है कि भाजपा सरकार को एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹200. कम करनी पड़ी .

 

संजय राउत ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं की जानकारी देने के क्रम में बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादवपश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जीजम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर फारूक अब्दुल्लाह सहित कई बड़े नेता मुंबई पहुंच चुके हैं जबकि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,  पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधीउत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को मुंबई पहुंचेंगे.  उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमारदिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवालझारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और  तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन सहित छह राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस बैठक में शामिल होंगे. 

You cannot copy content of this page