कुरुक्षेत्र की पावन धरा से विश्व में पहुंच रहा है पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश : मुख्यमंत्री

Font Size

-कुरुक्षेत्र में चार धाम चंडी शिला पूजन व सम्पूर्ण गीता अमृत वर्षा का किया शुभारंभ

-मुख्यमंत्री ने अपने निजी कोष से दिए 11 लाख रुपए

नई दिल्ली, 25 जुलाई : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा से पवित्र ग्रंथ गीता का संदेश विश्व के कोने-कोने तक पहुंच रहा है। इसी पावन धरा पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के उपदेश दिए थे। यह उपदेश आज भी सम्पूर्ण मानव जाति के लिए प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को देर सायं कुरुक्षेत्र में अखंड गीता पीठ शाश्वत सेवा आश्रम ट्रस्ट में आयोजित सम्पूर्ण गीता प्रवचन अमृत वर्षा कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सदगुरु महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वतानंद गिरि महाराज, विधायक श्री सुभाष सुधा, विधायक रामकरण काला, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर ने मंत्रोच्चारण के बीच सम्पूर्ण गीता प्रवचन अमृत वर्षा का शुभारंभ किया और इस दौरान चार धाम चंडी शिला पूजन व आरती मेें भी भाग लिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेवा कार्यों के लिए अपने निजी कोष से 11 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदगुरु महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वतानंद गिरि महाराज के प्रयासों से कुरुक्षेत्र में सम्पूर्ण गीता अमृत वर्षा कार्यक्रम का आयोजन करना एक धार्मिक कार्य है। इस प्रकार के धार्मिक कार्यों से पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश लोगों तक पहुंचेंगे और लोगों में अच्छे विचार पैदा होंगे। इतना ही नहीं, सदगुरु महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वतानंद गिरि महाराज के प्रयासों से देश-विदेशों में भी पवित्र ग्रंथ गीता को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके चलते पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश आमजन मानस तक पहुंच रहे है।

इस कार्यक्रम में विधायक श्री सुभाष सुधा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में सदगुरु महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी शाश्वतानंद गिरि महाराज ने अपने प्रवचनों के माध्यम से पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों का गुणगान किया। इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page