मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वर्ष 2023 बैच के एचसीएस अधिकारियों को दी निष्पक्ष रहने की सीख

Font Size

-मुख्य सचिव ने हिपा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वर्ष 2023 बैच के एचसीएस अधिकारियों का किया मार्गदर्शन

-आमजन की अपेक्षाओं को समझते हुए सेवाभाव से कार्य करें अधिकारी, स्वयं को नवीनतम तकनीक एवं जानकारी से रखे हमेशा अपडेट: संजीव कौशल, मुख्य सचिव हरियाणा

गुरुग्राम, 17 मई। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने मंगलवार की शाम को हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान(हिपा) में वर्ष 2023 बैच के एचसीएस अधिकारियों, सैनिक व अर्ध सैनिक बल के वेलफेयर अधिकारियों व इंडियन टेलिकम्युनिकेशन सर्विसेस के अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें अपनी शुभकामनायें देते हुए उनका मार्गदर्शन किया।

मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुये कहा कि एक अधिकारी की आम जन के बीच छवि उनके उत्कृष्ट कार्यों से बनती है। सिविल सेवा में अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर प्राप्त होता है। आम आदमी की आपसे बहुत अपेक्षायें हैं, आपका दायित्व है कि आप अपनी जिम्मेदारी को समझें और सेवाभाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी छवि को बेहतर बनाने के लिये अपनी उत्कृष्ट सेवायें प्रदान करने पर ध्यान केन्द्रित करते हुये निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से कार्य करना चाहिए। मुख्य सचिव ने कहा कि आपकी सुगमता ही आमजन खुशहाली का मुख्य कारक है। ऐसे में सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को दी जा रही शासकीय योजनाओं का लाभ लोग आसानी से प्राप्त कर सकें, इसके लिए आपको सदैव प्रयत्नशील रहना होगा।

श्री कौशल ने कहा कि देश व प्रदेश में बहुत तेजी से बदलाव हो रहे हैं। कार्य संस्कृति में बदलाव आया है। इस बदलते हुये परिवेश के अनुसार स्वयं को ढालना होगा, अन्यथा परिवर्तन के दौर में हम पीछे छूट जायेंगे। आज लोग कम्यूनिकेशन और टेक्नोलॉजी को लेकर अत्यधिक जागरूक हैं। ऐसे में स्वयं को नवीनतम तकनीक एवं जानकारी से हमेशा अपडेट रखें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का हल जल्द से जल्द हो इसके लिए आपको सदैव आमजन के साथ जुड़ाव रखना होगा। मुख्य सचिव ने कहा कि बेहतर अधिकारी वही है जो जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि परिवार और सर्विस के मध्य बेहतर तालमेल बनाने की आवश्यकता है, जिससे हम समस्याओं का हल आसानी से निकाल सकें। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे जीवन मे सीखने की ललक कभी ना छोड़े क्योंकि सीखने की प्रक्रिया आपको हमेशा धरातल की सच्चाई से अवगत कराती रहेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिपा की महानिदेशक चंद्रलेखा मुखर्जी ने बताया कि हरियाणा सिविल सेवा के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इन एचसीएस अधिकारियों के बैच में 7 डॉक्टर हैं, 8 अधिकारी कला पृष्ठभूमि से हैं और 32 अधिकारी विज्ञान पृष्ठभूमि से हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारतीय दूरसंचार सेवा के 12, भारतीय रेडियो नियामक सेवा के 2 व अर्ध सैनिक विभाग के 12 कल्याण अधिकारी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इन सभी अधिकारियों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के
‘न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन’ के दृष्टिकोण से अवगत कराते हुए गुड गवर्नेंस, ई-ऑफिस, आरटीआई, रिकॉर्ड प्रबंधन, शिकायत निवारण प्रणाली और ग्रामीण और शहरी विकास सहित जिला प्रशासन का प्रशासनिक ढांचा और कामकाज जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया है। महानिदेशक ने बताया कि हिपा द्वारा प्रत्येक वर्ष करीब 500 पाठ्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिसमे औसतन 15000 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।

कार्यक्रम में हिपा की एडिश्नल डायरेक्टर आशिमा सांगवान, अस्सिटेंट डायरेक्टर रेखा दहिया, जॉइंट डायरेक्टर जितेंद्र व मोहिंदर कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page