गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया : नरेंद्र मोदी

Font Size

नई दिल्ली :  गुजरात विधानसभा चुनाव में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। गुजरात में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस जनादेश में एक  संदेश है और वो यह कि समाज के बीच दूरियां बढ़ाकर, राष्ट्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी करके, जो राजनीतिक दल तत्कालिक लाभ लेने के फिराक में रहते हैं, उन्हें देश की जनता, देश की युवा पीढ़ी देख भी रही हैं और समझ भी रही हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के नतीजों ने सिद्ध किया है कि सामान्य मानवी में विकसित भारत के लिए कितनी प्रबल आकांक्षा है। संदेश साफ है कि जब देश के सामने कोई चुनौती होती है तो देश की जनता का भरोसा भाजपा पर होता है।

उन्होंने कहा कि गुजरात में एससी/एसटी की करीब 40 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 34 सीटें भाजपा ने जीती हैं। आज जनजातीय समाज भाजपा को अपनी आवाज मान रहा है, उनका जबरदस्त समर्थन भाजपा को मिल रहा है। इस बदलाव को पूरे देश में महसूस किया जा रहा है। गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है।

प्रधान मंत्री ने कहा कि लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा हर सुविधा को प्रत्येक गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाना चाहती है। लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। भाजपा को मिला जनसमर्थन भारत के युवाओं की ‘युवा सोच’ का प्रकटीकरण है। भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है। उन्होंने कहा कि  भाजपा के प्रति ये स्नेह देश के अलग अलग राज्यों के उपचुनाव में भी दिख रहा है। यूपी के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई है। बिहार के उपचुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संदेश कर रहा है।

पीएम ने अपने ट्विटर अकाउंट से भी ट्वीट करते हुए राज्य की जनता का शुक्रिया अदा किया और कहा कि गुजरात के लोगों ने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि सभी पार्टी के मेहनती कार्यकतार्ओं से मैं कहना चाहता हूं कि आप में से हर एक चैंपियन है! यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत के बिना संभव नहीं थी, जो हमारी पार्टी की असली ताकत हैं। गुजरात धन्यवाद।

एक और ट्वीट करते हुए लिखा, ऐतिहासिक चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत सारी भावनाओं से अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि वे चाहते हैं यह गति अधिक रफ्तार से जारी रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं।

भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार सातवीं बार सत्ता में आकर इतिहास रच दिया है। नतीजे घोषित होने के बाद गांधीनगर और दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे और जमकर जीत का जश्न मनाया। जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। बता दें कि वर्ष 1995 से बिना चुनाव हारे 27 साल तक सत्ता में रहने के बाद भाजपा ने फिर से सत्ता विरोधी लहर पर काबू पा लिया है।

You cannot copy content of this page