सिविल डिफेंस ने मनाया 60वां स्थापना दिवस , 121 ने किया रक्तदान, वरिष्ठ साथियों को किया सम्मानित

Font Size

गुरुग्राम । गुरुग्राम के मंडल आयुक्त रमेश चंद्र बिढान ने कहा कि सिविल डिफेंस की टीम ने समाज में अपनी पहचान बनाई है और हर क्षेत्र में इन्होंने अपना अमूल्य योगदान दिया है। मंडल आयुक्त श्री बिढान मंगलवार को गुरुग्राम के सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सिविल डिफेंस के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने उपस्थित सिविल डिफ़ेंस के वार्डन, वालंटियर्स और नागरिकों को संबोधित कर रहे थे।

सिविल डिफेंस वालंटियर किसी भी प्रकार की आपदा के लिए फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में हर क्षेत्र में मौजूद हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि घर में बुजुर्गों की देखभाल में भी अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि लोगों ने सिविल डिफेंस वालंटियर की कोविड-19 के दौरान एवं कोविड के उपरांत की सेवाओं को भी देखा है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि हर आपदा में सिविल डिफेंस वालंटियर सर्वप्रथम सूचना प्रदान करता है और निष्काम भाव से तुरंत ही सेवा में जुट जाता है।

आज के स्थापना दिवस पर सिविल डिफेंस टीम द्वारा अपने वरिष्ठ साथियों सर्व श्री संजय चुघ, एसके चौहान और जेपी शर्मा को सम्मानित किया गया जिनके मार्गदर्शन में आज टीम इतना विशाल रूप धारण कर पाई है।

आज सिविल डिफेंस ने 60वां स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि गुरुग्राम के मंडलायुक्त रमेश चंद्र बिढान, विशिष्ट अतिथि गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत यादव और गृह मंत्रालय, भारत सरकार के एडीजी सिविल डिफेंस एंड कम्युनिकेशन उमेश शर्मा उपस्थित रहे।

इस स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय ताऊ देवी लाल स्टेडियम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 121 वालंटियर ने अपना रक्तदान किया। सिविल डिफेंस वालंटियर्स द्वारा बढ़-चढ़कर इस रक्तदान में भाग लिया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम हरियाणवी, राजस्थानी नृत्य, स्किट, योगा ढोल आदि को भी प्रदर्शित किया गया। सिविल डिफेंस गुरुग्राम की उप नियंत्रक श्रीमती सृष्टि ने सिविल डिफेंस की जरूरत और उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने सिविल डिफेंस वार्डन और वालंटियर तथा उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page