भारत सरकार पर दुनिया का भरोसा बढ़ा : नरेंद्र मोदी

Font Size

बारिश के कारण मोदी को आखिरी समय में अपना दौरा रद्द करना पड़ा

नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश में चुनावी बिगुल बजाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने डिजिटल संबोधन में दावा किया कि लोगों, खासकर युवाओं ने राज्य में भाजपा सरकार को वापस लाने का मन बना लिया है। पीएम मोदी ने युवा विजय संकल्प रैली नामक एक युवा रैली को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा, हिमाचल के युवा जानते हैं कि अगर कोई स्पष्ट और ईमानदार इरादे से हिमाचल का विकास कर सकता है, तो वह केवल भाजपा है। आपको बता दें कि आज भारी बारिश के कारण पीएम मोदी को आखिरी समय में अपना हिमाचल दौरा रद्द करना पड़ा।

पीएम मोदी ने विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार पर दुनिया का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवाओं को अवसर देने पर ध्यान केंद्रित किया है। भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। बारिश होने के बावजूद रैली में बड़ी संख्या में युवा एकत्र हुए। उनका आभार व्यक्त करते हुए मोदी ने कह कि भाजपा युवाओं पर सबसे अधिक भरोसा करती है। अब देश की युवा शक्ति भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को ‘आजादी का अमृत काल’ में पूरा करेगी।

40 वर्ष से कम उम्र के मतदाताओं को लुभाने के उद्देश्य से, जो पंजीकृत मतदाताओं का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा है, उनसे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता हमेशा युवाओं को अधिकतम अवसर देना है। राज्य के राष्ट्रमंडल खेल 2022 के विजेताओं की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा, चाहे वह मुख्यमंत्री हो, सांसद हो या मंत्री, भाजपा देश की एक राजनीतिक पार्टी है, जिसमें युवाओं का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक होता है। यह कहते हुए कि लोग अब एक स्थिर सरकार के महत्व को समझ रहे हैं, उन्होंने कहा, यूपी और उत्तराखंड में भी, सरकारें हर पांच साल में बदल जाती थीं। लेकिन लोगों ने दोनों राज्यों में हाल के विधानसभा चुनावों में फिर से भाजपा सरकार चुनी।

You cannot copy content of this page