संस्कृत भाषा को गूगल के ट्रांसलेशन ऐप की सूची में शामिल करने के लिए हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने गूगल को धन्यवाद कहा

Font Size

संस्कृत बहुत ही प्राचीन भाषा है और हिंदुस्तान का सारा ज्ञान संस्कृत भाषा में है- अनिल विज

इस ऐप में सुविधा होने से लोगों को पुराने ग्रंथों व ऋषियों द्वारा संस्कृत में लिखी हुई जानकारी व ज्ञान मिलेगा- विज

चंडीगढ़, 15 मई। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आज कहा कि वे “हमारी प्राचीन भाषा संस्कृत को गूगल के ट्रांसलेशन ऐप की सूची में शामिल करने के लिए गूगल का धन्यवाद करते हैं”।

श्री विज ने आज ट्वीट करके कहा कि “अपने ट्रांसलेशन ऐप की भाषाओं की सूची में हमारी प्राचीन भाषा संस्कृत को जोड़ने के लिए @Google का धन्यवाद”।

उन्होंने कहा कि गूगल का बहुत ही धन्यवाद है कि गूगल ने अपनी ट्रांसलेशन ऐप में संस्कृत को भी शामिल किया है।

उन्होंने कहा कि संस्कृत बहुत ही प्राचीन भाषा है और हिंदुस्तान का सारा ज्ञान संस्कृत भाषा में है। इस ऐप में सुविधा प्रदान करने से, जो हमारा पुराने ग्रंथों का ज्ञान है, लोगों को उसको जानने में सहयोग मिलेगा और अनेक प्रकार की जानकारियां, जो ऋषियों ने तप करके संस्कृत में लिखी हुई है उसके बारे में भी जानकारी मिलेगी।

श्री विज ने कहा कि संस्कृत को हमने बढ़ावा दिया हुआ है। उन्होंने कहा कि गूगल को वे मुबारकबाद देते हैं कि उन्होंने हमारी पुरानी भाषा संस्कृत को मान्यता दी है और आज संस्कृत के श्लोक अपनी पसंद की भाषा में ट्रांसलेट करके पढ़े जा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि अब भारतीय भाषाओं जैसे संस्कृत, भोजपुरी, डोगरी और अन्य सहित 24 और भाषाओं को गूगल के ट्रांसलेशन ऐप में जोड़ा गया है। टेक दिग्गज के ट्रांसलेशन टूल में अब कुल 133 भाषाएं हो गयी है जो दुनिया भर में उपयोग की जाती हैं।

You cannot copy content of this page