प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के 42 वें स्थापना दिवस पर परिवारवादी दलों पर करारा हमला बोला

Font Size

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक बार फिर देश में परिवार वादी राजनीति पर करारा हमला बोला ।अपने लंबे भाषण में उन्होंने एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक संघर्ष को याद किया तो दूसरी तरफ पिछले 7 वर्षों से अधिक के अपने कार्यकाल में आम जनता के लिए शुरू की गई योजनाओं का भी जिक्र किया । प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवार भक्ति बनाम राष्ट्रभक्ति में भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रभक्ति के प्रति समर्पित है । उन्होंने कहा कि कुछ दल सिर्फ अपने परिवारों के उत्थान के प्रति समर्पित है। उनका कहना था कि परिवार वादी दलों ने युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति और राष्ट्र नीति साथ साथ लेकर चलती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि परिवार वादी दलों ने युवाओं को आगे नहीं बढ़ने दिया। उन्होंने कहा कि पहले देश में निराशा का माहौल था लेकिन अब भारत के लिए लगातार संभावनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि आज देश बदल रहा है। उनका कहना था कि आज देश की सोच ग्लोबल से लोकल की ओर आगे बढ़ रही है देश के पास आज नीतियां भी हैं और निर्णय लेने की क्षमता भी। उन्होंने कहा कि देश के पास आगे बढ़ने की नियत भी है और निश्चय भी।

उन्होंने कहा कि परिवार वादी पार्टियां लोकतंत्र की दुश्मन है। इन्होंने देश को आगे बढ़ने से रोका जबकि युवाओं के सपनों को चकनाचूर किया।

प्रधानमंत्री ने खासकर युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें एक बार फिर आगे बढ़ने का सपना दिखाया जबकि यह भी साफ कर दिया कि मेहनत के बल पर ही आगे बढ़ने का माहौल उन्हें प्राप्त होगा। उनका कहना था कि भाजपा सब का प्रयास और सबका विश्वास की धारणा पर आगे चल रही है जिससे सभी का विश्वास जीतने की कोशिश में निरंतर जुटी हुई है।

भारतीय जनता पार्टी के 42 वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने भगवा टोपी पहनकर सभी पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं और सांसदों को आने वाले समय में इस टोपी को भाजपा की पहचान बनाने का मजबूत संकेत दिया।

उनका निशाना कांग्रेस पार्टी और अन्य ऐसे क्षेत्रीय दल थे जिनमें परिवारवाद वर्षों से हावी है । उन्होंने कहा कि परिवार वादी पार्टियां एक दूसरे के भ्रष्टाचार को ढकती हैं।

उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान से लेकर अब तक 80 करोड़ लोगों के लिए मुफ्त अनाज योजना चलाने का जिक्र किया तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री आवास योजना, महिला सशक्तिकरण योजना , गरीबों के लिए एलपीजी कनेक्शन योजना, जन धन योजना एवं स्वास्थ्य के लिए आयुष्मान योजना सहित कई प्रमुख योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार गरीबों के उत्थान में जुटी हुई है।

उन्होंने कहा कि अब परिवार भक्ति बनाम राष्ट्रभक्ति में जंग जारी है। उन्होंने कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी को आगे बढ़ाने में अपना बलिदान दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि बीजेपी का महा संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि बीजेपी एक भारत श्रेष्ठ भारत के मूल मंत्र पर चल रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण की चर्चा करती है उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान की दृष्टि से वर्तमान सरकार कई बड़ी योजनाएं चला रही है। इसके कारण ही आज देश में खेल हो ,शिक्षा जगत हो ,विज्ञान हो या फिर कोई अन्य क्षेत्र सभी जगह महिलाओं का प्रतिनिधित्व बड़ी संख्या में देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी ताकतों को हमेशा परास्त करती रहेगी ।उन्होंने कहा कि लोगों का जीवन आसान बनाना उनकी प्राथमिकता है और इसमें देश की आम जनता का विश्वास हासिल है।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में देश में भाजपा की राजनीतिक स्थिति की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अभी देश के 12 राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं। लोकसभा में 302 सांसद हैं। हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत का भी जिक्र किया।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से न्याय पखवारा शुरू करने का ऐलान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है, आज के दिन हम सभी मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं।हम सबने देखा है कि मां स्कंदमाता कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल का फूल थामें रहती हैं।

इस खास कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री सभी केंद्रीय मंत्री सभी राज्यों की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page