हरियाणा में एक भी ब्लैक स्पॉट नहीं रहने दिया जाएगा, सबका होगा सुधार : नितिन गडकरी

Font Size

प्रदेश को केंद्रीय मंत्री ने फिर दी नई परियोजनाओं की सौगात

सोनीपत में आयोजित कार्यक्रम में 2872 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 5 परियोजनाओं का किया उद्घाटन

चंडीगढ़, 4 अप्रैल :  केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि हरियाणा में एक भी ब्लैक स्पॉट को नहीं रहने दिया जाएगा। सभी का सुधार होगा। हरियाणा सरकार जितने भी ब्लैक स्पॉट को चुनकर भेजेगी, जहां हादसे होते हैं, उन सभी जगहों को ठीक करेंगे। केंद्रीय मंत्री सोनीपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 2872 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 5 सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।

उन्होंने 132 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जींद-गोहाना एनएच-352ए, 183 करोड़ की लागत से बने भिवानी-मुंढाल-जींद एनएच-709ए, 136.25 करोड़ की लागत से बने झज्जर-लोहारू एनएच-334बी, 1020 करोड़ की लागत से बने यूपी/हरियाणा बॉर्डर से गोहाना एनएच-334 बी और 1400 करोड़ की लागत से बने मुकरबा चौक से पानीपत एनएच-44 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इसके बाद उन्होंने हरियाणा के अलग-अलग जिलों के लिए सौगात दी। उन्होंने 600 करोड़ की लागत से बनने वाले जींद-गोहाना-सोनीपत-शामली रोड को बनाए जाने को मंजूरी दी। इसके अलावा ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर सिरसा के चौटाला से शामली तक के रोड अलाइनमेंट करवाने के लिए कहा। इनके साथ-साथ पंचकूला शहर में फ्लाईओवर निर्माण के संबंध में रिपोर्ट मंगाने के लिए भी कहा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सड़क से जुड़ी जो भी मांग करेगी, उसे पूरा किया जाएगा। 40 साल में कोई ऐसी घोषणा नहीं जिसे पूरा न किया हो, जो बोलेंगे, वो करेंगे और जो करेंगे, वही बोलेंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा हरियाणा

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि किसी भी प्रदेश के विकास के लिए पानी, बिजली, ट्रांसपोर्ट और कम्यूनिकेशन का होना बेहद जरुरी है। जहां भी ये चारों चीजें होंगी वहीं रोजगार के अवसर पैदा होंगे, उद्योग भी वहीं लगेंगे और विकास भी वहीं होगा। खुशी है कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। यहां कृषि और उद्योग में अच्छा विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में इतने रोड बनेंगे कि हरियाणा सड़कों में भी 1 नंबर हो जाएगा।

दिल्ली से अमृतसर 4 घंटे में पहुंचेंगे  

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में लगातार सड़कों का विकास हो रहा है। सड़कों की वजह से कुछ दिनों में दिल्ली से अमृतसर की दूरी महज 4 घंटे में तय की जा सकेगी। इसी तरह दिल्ली से कटरा 4 घंटे लगेंगे। उन्होंने अटल टनल का जिक्त्र करते हुए कहा कि पहले मनाली-रोहतांग के रास्ते पर इस जगह को पार करने के लिए साढ़े तीन घंटे लगते थे लेकिन अब यह दूरी महज 9 मिनट में तय की जा सकती है। दिल्ली से हरियाणा के लोग मुंबई महज 12 घंटे में पहुंच सकेंगे। दिल्ली से चंडीगढ़ की दूरी 2 घंटे में तय की जा सकेगी। सड़कों का इतना जाल बिछाया जाएगा कि यातायात बेहद सुगम हो जाएगा।

पॉड टैक्सी के लिए मांगा हरियाणा से प्रस्ताव

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा प्रदेश में पॉड टैक्सी की शुरूआत करने की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनका विभाग इस पर काम कर रहा है। दिल्ली से सोनीपत और पानीपत के लिए 250 लोगों के लिए पॉड टैक्सी की शुरूआत करेंगे, इसके लिए हरियाणा केंद्र को प्रस्ताव भेजे, जल्द काम शुरू किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक व्हीकल पर जोर दे हरियाणा

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि हमें हरियाणा को ग्रीन बनाने पर जोर देना चाहिए। ग्रीन ईंधन का प्रयोग करना चाहिए। पेट्रोल-डीजल की बजाए एथनॉल व इलेक्ट्रिकल व्हीकल चलाने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को इलेक्ट्रिकल व्हीकल चलाने पर जोर देने के लिए कहा। इससे प्रदूषण भी कम होगा और ईंधन का खर्च भी कम होगा। एथनॉल से आधे पैसे में गाड़ी चलाई जा सकती है।

राजमार्गों का विकास किसानों के लिए भी अच्छाः राज्यमंत्री वीके सिंह

केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि हरियाणा के लिए आज का दिन सौगात से भरा है। आज के दिन हरियाणा के लिए 5 योजनाओं का उद्घाटन हो रहा है। 2014 से मोदी सरकार के आने के बाद हरियाणा में व्यापक सुधार हुआ है। लगातार राजमार्ग बन रहे हैं, इससे रोजगार के अवसर तो बढ़ ही रहे हैं, इसके साथ-साथ किसानों को भी फायदा है। यह नए भारत और नए हरियाणा की तस्वीर है, जो प्रगति की तरफ बढ़ रहा है।

15 दिन में ब्लैक स्पॉट पहचानकर भेजेंगे केंद्र के पास – उप मुख्यमंत्री

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार का ध्यान हरियाणा को मोटरेबल और ट्रांसपोर्टेबल बनाने पर है। इसी के मद्देनजर अनेक प्रोजेक्ट यहां के लिए दिए हैं, इससे प्रदेश की कनेक्टिविटी बढ़िया होगी। एनएचआई का काम तेजी से हरियाणा में चल रहा है, जिससे हरियाणा को देश के प्रत्येक कोने से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ग्रीन फील्ड कॉरिडोर हरियाणा की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने का काम करेगा। उन्होंने हैवी रोड ट्रांसपोर्टेशन के लिए हिसार से बाढ़ड़ा, सतनाली और महेंद्रगढ़ होते हुए हाईवे को बनाए जाने की मांग रखी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 दिनों के अंदर प्रदेश के सभी ब्लैक स्पॉट, जहां पर हादसे होते हैं, उन्हें चयनित करके केंद्र के समक्ष भेजेंगे। इससे हादसों में कमी आएगी।

इस अवसर पर सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक, सांसद अरविंद शर्मा, विधायक मोहन बड़ौली, विधायक कृष्ण मिढ्ढा, विधायक निर्मल चौधरी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page