सिविल सर्जन कार्यालय परिसर ने किया सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन : जिला में 20 फरवरी तक जारी रहेगा अभियान

Font Size

गुरुग्राम, 19 जनवरी। केंद्र के ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ कार्यक्रम के तहत व राष्ट्रीय योगासन खेल महासंघ के आह्वान पर 75 करोड़ सूर्य नमस्कार के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए आज सेक्टर 38 स्थित सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र यादव ने वहां उपस्थित कर्मचारियों व डॉक्टर्स को सूर्य नमस्कार के फायदे गिनाते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार के अभ्यास से फेफड़ों के अंदर शुद्ध हवा का पर्याप्त मात्रा में प्रवेश होता है। यह अभ्यास शरीर से विभिन्न रोगों को दूर करने के साथ ही शरीर को मजबूत इम्युनिटी भी प्रदान करता है। वहीं सूर्य नमस्कार के विभिन्न चरणों का रोजाना अभ्यास करने से दिमाग सक्रिय और एकाग्र भी बनता है।

जिला में आयुष विभाग के नोडल अधिकारी एवं योग विशेषज्ञ डॉ भूदेव ने उपरोक्त कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य व 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि
जिला में एक जनवरी से 20 फरवरी तक सूर्य नमस्कार योग गतिविधियां कराई जा रही हैं। कोरोना गाइडलाइंस के चलते यह कार्यक्रम ऑनलाईन माध्यम से भी आयोजित करवाएं जा रहे हैं। जिसमें सभी जिलावासी व्यक्तिगत तौर पर भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

डॉ भूदेव ने बताया कि विभागीय आदेशों के तहत पोर्टल पर जाकर इसके लिए पंजीकरण कराना होगा। इस दौरान कितने लोग भाग लेंगे इसकी जानकारी देनी होगी। पंजीकरण व्यक्तिगत, सामूहिक या संस्था के तौर पर किया जा सकता है। संस्थान की ओर से रोजाना सामूहिक सूर्य नमस्कार करते हुए एक मिनट का वीडियो और फोटो लेना अनिवार्य होगा। इस दौरान सभी संस्थानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्यक्रम में कोविड गाइडलाइंस की पूरी तरह से पालना की गई। व्यक्तिगत तौर पर प्रतिभागी को 30 सेकेंड का वीडियो बनाना होगा। इसके बाद फोटो और विडियो पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इस अभियान के तहत 21 दिनों तक प्रति व्यक्ति को न्यूनतम 13 बार सूर्य-नमस्कार को करके इस लक्ष्य को हासिल करनें की योजना बनाई गई है। प्रत्येक व्यक्ति और संस्थान www.75suryanamaskar.com पर अपना रजिस्ट्रेशन करके इस महाअभियान में शामिल होने का प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।

You cannot copy content of this page