बलिदानियों की मिट्टी पर माथा टेकने हरियाणा से आज काला पानी रवाना होगी भाजपा टीम

Font Size

-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ की अगुवाई में 129 पदाधिकारियों का दल होगा रवाना

-डेलिगेशन, सेलुलर जेल, वाईपर आईलैंड और फ्लैट पॉइंट से अज्ञात बलिदानियों की मिट्टी लाएंगे

गुरुग्राम :  आजादी के अमृत महोत्सव पर हरियाणा भारतीय जनता पार्टी एक नया इतिहास लिखने जा रही है। आजादी के लिए जान देने वाले उन स्वतंत्रता सेनानियों की मिट्टी पर माथा टेकने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की अगुवाई में मंगलवार को सुबह नौ बजे भारतीय जनता पार्टी का 129 नेताओं का प्रतिनिधि मंडल पोर्ट ब्लेयर के लिए रवाना होगा। भाजपा का यह डेलिगेशन सेलुलर जेल, वाईपर आईलैंड और फ्लैट पॉइंट जैसे स्थान पर पहुंचकर उन हजारों बलिदानियों को श्रद्धांजलि देंगे, जो देश आजादी के लिए “नींव का पत्थर” बन गए या जिन्हें भुला दिया गया।

पोर्ट ब्लेयर रवाना होने से कुछ घंटे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सही इतिहास छुपाया और उन सभी बलिदानियों के नाम उजागर नहीं किए, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। कांग्रेस ने अपनी सुविधानुसार इतिहास में बलिदानियों का जिक्र किया, लेकिन आजादी के 75वें वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मनाते हुए भारतीय जनता पार्टी उन बलिदानियों के नाम भी पब्लिक डोमेन में लाकर उन्हें उनका सम्मान दिलाएगी, जिन्हें कांग्रेस ने कभी उजागर करने की कोशिश ही नहीं की।

धनखड़ ने कहा कि 30 दिसंबर 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को आजाद कराकर तिरंगा फहराया था, लेकिन कांग्रेस ने इस तिथि को इतिहास में कहीं जगह नहीं दी। इस छुपे हुए इतिहास को उजागर करने के लिए 30 दिसंबर को उसी स्थान पर खड़े होकर सभी भाजपाई आजाद हिंद फौज का तराना गाएंगे, जहां नेता जी ने तिरंगा फहराया था।

हरियाणा भाजपा के 129 नेताओं का डेलिगेशन उस वायपर टापू (चेन जेल) पर भी जाएगा, जिस पर 1858 में झांसी की रानी के 200 से अधिक सैनिकों को बंदी बनाकर रखा गया था। अंग्रेजों ने इस टापू पर वाइपर सांपों के बीच लोहे की चेन से बाधकर झांसी के सैनिकों को छोड़ा था। ओमप्रकाश धनखड़ ने आरोप लगाया कि अंग्रेजों की इस क्रूरता के शिकार हुए हमारे वीरों का भी हमारे इतिहास में जिक्र नहीं किया गया। अंडमान निकोबार में एक महिला जेल और एक पुरुष जेल का जिक्र करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि इन जेलों में पुरी और नागालैंड के राजा बंद थे। धनखड़ ने बताया कि अंडमान निकोबार में एक फांसी घर है, जहां 79 स्वतंत्रता सेनानियों को अंग्रेज़ों ने फांसी दी थी, लेकिन इनको भी कांग्रेस ने इतिहास में कहीं जगह नहीं दी। भाजपा टीम यहां पहुंचकर अज्ञात शहीदों को नमन करेगी।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 4 दिन की काला पानी की इस यात्रा के दौरान सेलुलर जेल में जाएंगे, जहां विनायक दामोदर वीर सावरकर के अलावा कराची से 736 लोगों का जत्था भी गया था। अंडमान में पहुंचकर सभी भाजपा प्रतिनिधि मंडल के सदस्य इन अज्ञात वीरों की मिट्टी को माथे से लगाएंगे। वहां खड़े होकर आजादी के तराने गाएंगे। नेता जी ने जहां झंडा फहराया था, वहां राष्ट्रीय गीत और “कदम कदम बढाएं जा ” गाकर नेताजी को भी याद करेंगे।

धनखड़ ने बताया कि जिन शहीदों को इतिहास में जगह नहीं दी गई, उन वीरों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी जुटाकर उनकी वीर गाथाओं को घर-घर पहुंचाने का काम भाजपा करेगी।

129 भाजपा नेताओं का जो प्रतिनिधि मंडल पोर्ट ब्लेयर रवाना होगा, उनमें पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, महामंत्री पवन सैनी, महामंत्री मोहनलाल, सचिव मनीष मित्तल, समय सिंह भाटी, प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा, गौसेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन भानीराम मंगला आदि भी शामिल है।

ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि टीम के सभी लोग अज्ञात शहीदों के बारे में जानकारी हासिल करेंगे और वापिस आकर प्रदेश के लोगों को उनकी वीर गाथाओं से अवगत कराएंगे।

धनखड़ ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कभी किसी कांग्रेसी को काला पानी की सजा नहीं हुई? इसलिए उन्हें वीर सावरकर और उन शहीदों की कभी परवाह नहीं की, जिन्होंने आजादी के लिए काला पानी की सजा काटते हुए बलिदान दे दिया। धनखड़ ने कहा कि जो इतिहास कांग्रेस ने देश से छुपाया, अब उन्हें सबके सामने आना चाहिए और यही कार्य भाजपा करने में लगी है।

भाजपा की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए धनखड़ ने बताया कि 23 जनवरी को नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर हरियाणा में भाजपा हर गांव और हर बूथ पर बनाएगी। 7500 स्थानों पर 75 – 75 लोग एकत्रित होंगे, जो वंदे मातरम गीत गाएंगे।5 लाख 60 हजार लोग इसमें शामिल होंगे। आजाद हिंद फौज में रहे सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।

 

हुसैनीवाला और जलियांवाला बाग भी जाएंगी बीजेपी टीम : 

आजादी महोत्सव में हरियाणा बीजेपी का अगला पड़ाव जलियांवाला और हुसैनीवाला होगा। ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि हरियाणा भाजपा का हर कार्यकर्ता वीरों की गाथाओं को पहले खुद समझेगा और फिर घर घर उसे पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को जलियांवाला बाग और इसके बाद हुसैन वाला जाकर यहां अंग्रेजों की बर्बरता का शिकार हुए हजारों शहीदों को याद किया जाएगा। डलहोजी भी जाएंगे जहां भगत सिंह के चाचा अजीत सिंह की जेल में ही मौत हो गई थी।

हम सभी वीरों को नमन करने की यात्रा जारी रखेंगे और उनके नामों को उजागर करेंगे। धनखड़ ने कहा कि आजादी का 75वां वर्ष हम स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए और विभाजन की विभीषिका को याद किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में विधायक सुधीर सिंगला, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, महामंत्री महेश यादव, मनीष गाडौली, अजीत यादव उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page