अखिल भारतीय सिविल सेवा के अधिकारियों व कर्मचारियों की खेल प्रतियोगिताओं के लिए चयन स्पर्धाएं शुरू

Font Size

– तीन खेलों की मेजबानी हरियाणा को मिली

गुरुग्राम, 08 सितंबर। अखिल भारतीय सिविल सेवा के अधिकारियों व कर्मचारियों की वॉलीबॉल, हॉकी तथा कबड्डी की प्रतियोगिताएं क्रमशः हरियाणा के कुरूक्षेत्र, कैथल तथा भिवानी में आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक हरियाणा के खिलाड़ियों के चयन के लिए प्रतियोगिताएं आज 8 सितंबर से शुरू होकर 11 सितंबर तक आयोजित की जा रही हैं।

इस संबंध में  खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जे जी बैनर्जी ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन के लिए आज 8 सितंबर को कैथल में हॉकी एस्ट्रोट्रफ हाबड़ी में पुरूष हॉकी की प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसी प्रकार महिला हॉकी के मैच भी 9 सितंबर को प्रातः 10 बजे से वहीं पर होंगे। उन्होंने बताया कि पुरूषों और महिलाओं की वॉलीबॉल प्रतियोगिता कुरूक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम में 10 सितंबर को प्रातः 10 बजे से होंगी। इसी प्रकार पुरूषों की कबड्डी प्रतियोगिता भीम स्टेडियम भिवानी में 10 सितंबर को प्रातः 10 बजे से और महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता भी उसी स्टेडियम में 11 सितंबर को प्रातः 10 बजे से होगी।

उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा के हरियाणा में कार्यरत जो अधिकारीगण तथा कर्मचारीगण इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक हैं वे अपने संबंधित विभाग से प्रमाण पत्र लेकर जाएं कि वे उस विभाग अथवा कार्यालय के अधिकारी या कर्मचारी हैं। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आने जाने का खर्च संबंधित विभाग अथवा खिलाड़ी वहन करेगा। इस चयन स्पर्धा में भाग लेने वाले सिविल सेवा के अधिकारी और कर्मचारी टी ए तथा डी ए अपने विभाग से ही लेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायतों अनुसार इन सिविल सेवा प्रतियोगिताओं में बोर्ड, कॉर्पोरेशन, पुलिस विभाग, बिजली बोर्ड, एचएसआईआईडीसी के अधिकारीगण तथा कर्मचारी भाग नहीं ले सकते। इस प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत हिदायतें वैबसाईट-http://dopt.gov.in पर उपलब्ध है। कोविड-19 के टेस्ट के बिना टीम की प्रतियोगिता के लिए एंट्री नहीं की जाएगी, इसलिए टेस्ट करवाना जरूरी है।

उपरोक्त वेबसाईट के अनुसार अखिल भारतीय सिविल सेवा के अधिकारियों व कर्मचारियांे की महिला व पुरूष वॉलीबॉल प्रतियोगिता 20 सितंबर से 24 सितंबर तक हरियाणा के द्रोणाचार्य स्टेडियम कुरूक्षेत्र में आयोजित होंगी जिसके लिए एंट्री 15 सितंबर तक की जानी हैं। इसी प्रकार, महिला एवं पुरूष हॉकी की प्रतियोगिताएं 23 सितंबर से 30 सितंबर तक मार्केण्डेश्वर हॉकी स्टेडियम शाहबाद कुरूक्षेत्र में होंगी जिनके लिए एंट्री की अंतिम तिथि 17 सितंबर है। महिला एवं पुरूष कबड्डी की प्रतियोगिताएं 18 सितंबर से 20 सितंबर तक भीम स्टेडियम भिवानी में आयोजित की जाएंगी जिनके एंट्री की अंतिम तिथि 14 सितंबर निर्धारित की गई है। इन प्रतियोगिताओं के लिए ही हरियाणा की टीमों का चयन करने को आज से चयन प्रतियोगिताएं शुरू की गई हैं।

Table of Contents

You cannot copy content of this page