Font Size
सैक्टर-10ए में
भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की’ बैठक

गुडग़ांव। वर्तमान वर्ष हरियाणा प्रदेश का स्वर्ण जयंती वर्ष है, आगामी 1 नवंबर को प्रदेश स्वर्ण जंयती महोत्सव मनाने जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस समारोह के साक्षी बनेंगे।
ये बात हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर ने आज सैक्टर-10ए में भाजपा कार्यालय में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। राव नरबीर ने कहा कि यह वर्ष हरियाणा के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण वर्ष है,क्योंकि इस वर्ष प्रदेश अपने गठन के 50 वर्ष पूरे करेगा। हरियाणा 1 नवंबर 1966 को पंजाब प्रांत से अलग हुआ और स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिला। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि केवल 50 वर्षो में ही प्रदेश ने अपनी छाप विश्वपटल पर अंकित की है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश अपनी सफलता के नित नए आयाम लिख रहा है। उन्होंने कहा कि मैट्रो कनेक्टिविटी, 12 नए राष्ट्रीय राजमार्ग और पक्की सडक़ों के जाल इसका जीता जागता उदाहरण है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के 22 महिनों में ही प्रदेश का चेहरा बदल गया है।
कुंडली-मानेसर-पलवल(केएमपी) के पहले चरण का निर्माण तथा गुडग़ंाव जिला की लंबे अरसे से चली है रही गुडग़ांव विकास प्राधिकरण(जीडीए) की मांग को अमलीजामा पहनाने का काम वर्तमान भाजपा सरकार ने किया है। केएमपी के दूसरे चरण जिसमें कुंडली से मानेसर का निर्माण किया जाना है , को इस माह से अगले 400 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस रोड़ के निर्माण के बाद प्रदेश की जीवन रेखा में सुधार आएगा और भारी माल वाहक वाहनों का दबाव भी शहरों में कम होगा।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि गुडग़ांव के मुख्य चौराहों पर अंडरपास बनाकर री-मॉडलिंग की जाएगी। इन कार्यों की आधारशिला 11 सिंतबर को केंद्रीय सडक़, परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी रखेंगे। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित होंगे। उन्होंने जिला के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व भाजपा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने मुख्यमंत्री द्वारा पिछले दिनों की गई गुडग़ांव विकास प्राधिकरण(जीडीए)की घोषणा का स्वागत किया और हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा डेयरी विकास निगम के चेयरमैन जीएल शर्मा, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य डी सी यादव, प्रदेश प्रवक्ता रमन मलिक, सह प्रवक्ता सत्य प्रकाश जरावता, जिला महामंत्री मनोज शर्मा, सह मीडिया प्रभारी जितेंद्र चौहान, मीडिया प्रभारी कुलदीप यादव, उपाध्यक्ष हरवीर अधाना, उपाध्यक्ष हरविंद्र कोहली, उपाध्यक्ष हंसराज कसाना, डुंडाहेड़ा मंडल अध्यक्ष महेश यादव सहित जिला के सभी मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी व सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।