सिविल सर्जन डॉ विरेंद्र ने कोरोना से ठीक हुए व्यक्तियों से की प्लाजमा डोनेशन की अपील

Font Size

गुरूग्राम, 27 अगस्त। गुरूग्राम के सिविल सर्जन डा. विरेन्द्र यादव ने कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके व्यक्तियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्लाजमा डोनेशन के लिए आगे आएं और जरूरतमंद लोगों की मदद करें। ऐसा करके वे किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला में अब तक 40 लोग प्लाजमा डोनेट किया हैं जिनसे 80 यूनिट प्लाजमा तैयार किया गया है।   


उन्होंने कहा कि प्लाज्मा डोनेट करके ऐसे व्यक्ति की मदद की जा सकती है जो कोरोना संक्रमण के कारण गंभीर स्थिति में हैं। हम सभी लोगों को आज यह समझने की जरूरत है कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति द्वारा दान किया गया प्लाज्मा किसी व्यक्ति को जीवनदान दे सकता है। जिला प्रशासन द्वारा प्लाजमा डोनेट करने वाले व्यक्ति को रोटरी क्लब की ओर से प्रशंसा पत्र तथा मैडल भेंट कर सम्मानित किया जा रहा है। इसके अलावा, प्लाजमा डोनेट करने वाले व्यक्ति को रोटरी क्लब की ओर से एक कार्ड बनाकर भी दिया जाता है जिसका  वे जरूरत पड़ने पर प्रयोग कर सकते हैं। इसका फायदा यह होगा कि व्यक्ति एक साल तक जरूरत अनुसार रोटरी क्लब से ब्लड निःशुल्क ले सकता है।

उन्होंने बताया कि प्लाजमा डोनर की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एक अन्य पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत प्लाजमा डोनर को पिक एंड ड्रोप की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत प्लाजमा डोनेट करने वाले व्यक्ति के शरीर में एंटीबाॅडिज का टैस्ट किया जाता है। यदि व्यक्ति के शरीर में एंटीबाॅडिज बन गए हैं, उसकी पुष्टि होने उपरांत ही उसका प्लाजमा लिया जाता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे कोरोना संक्रमित मरीजों को प्लाजमा डोनेट करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है जिनके शरीर में एंटीबाॅडिज विकसित हो चुकी है।


डा. यादव ने बताया कि प्लाजमा डोनेट करने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई पहलुओं पर काम किया जा रहा है। कोरोना संक्रमित व्यक्ति का प्लाजमा लेने से पूर्व उसके शरीर में एंटीबाॅडिज की जांच की जाती है जिसका परिणाम आने में लगभग 2 घंटे का समय लगता है। इसे ध्यान में रखते हुए अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्लाजमा डोनेट करने वाले व्यक्ति के घर जाकर एंटीबाॅडिज की जांच किए जाने का निर्णय लिया गया है ताकि एंटीबाॅडिज की पुष्टि होने उपरांत ही व्यक्ति को रोटरी ब्लड बैंक ले जाया जाए और वह वहां पर अपना प्लाज्मा डोनेट कर सके। ऐसे लोगों के लिए जिला रैडक्रास सोसायटी तथा कैनविन फाउंडेशन की ओर से तीन गाड़ियां उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई ऐसा व्यक्ति जो कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुका है और उसके शरीर में एंटीबाॅडिज विकसित हो चुकी है, वह रोटरी क्लब के हैल्पलाइन नंबर-0124-2320982, 0124-2303982 तथा 9999950809 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा, व्यक्ति वैबसाईट – डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट रोटरीब्लडबैंकगुड़गांव डाॅट इन पर भी स्वयं को रजिस्टर कर सकता है। उन्होंने बताया कि जिला गुरूग्राम में रोटरी ब्लड बैंक , पटौदी रोड़, कादीपुर, सैक्टर-10ए में प्लाज्मा बैंक चलाया जा रहा है।


उन्होंने प्लाजमा डोनर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्लाजमा डोनेट करने के लिए व्यक्ति की आयु 18 से 60 साल के बीच होनी अनिवार्य है। इसके अलावा, ऐसी महिलाएं जिन्होंने बच्चों को जन्म नही दिया हो, वे अपना प्लाजमा डोनेट कर सकती हैं। प्लाजमा डोनेट करने के लिए व्यक्ति का वजन 55 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। कोई भी पुरूष प्लाजमा डोनेट कर सकता है। कोरोना संक्रमण से ठीक होने उपरांत 14 दिन के भीतर प्लाजमा डोनेट किया जा सकता है। 

Table of Contents

You cannot copy content of this page