20 हजार करोड़ की परियोजनाओं से हरियाणा ने पकड़ी विकास की तेज रफ्तार : जी एल शर्मा

Font Size

– सुगम संपर्क, तेज विकास और सबकी समृद्धि सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है भाजपा

गुरुग्राम। भाजपा के वरिष्ठ नेता जीएल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में 20 हजार करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं की सौगात देकर प्रदेश के विकास को तेज रफ्तार प्रदान की है। इसके लिए श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क एवम् परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ भापजा के केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय नेतृत्व का आभार जताया है।

जीएल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुगम संपर्क, तेज विकास, बेहतर सुरक्षा और सबकी समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यही प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 20 हजार करोड़ रुपए की लागत से आठ नेशनल हाइवे समेत 11 सडक़ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर हरियाणा के विकास को तेज गति प्रदान की है। इनमें से अकेले दक्षिण हरियाणा के हिस्से में ₹13800 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि भारतमाला इंफ्रास्ट्रक्चर देश के विकास की सबसे बड़ी परियोजना है। इन परियोजनाओं के जरिए हरियाणा से दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और यूपी के साथ देश के लगभग सभी हिस्सों में पहुंचना आसान होगा। इससे प्रदेश में आर्थिक और व्यावसायिक केंद्रों को सीधा संपर्क मिलेगा। हर वर्ग के नागरिकों के साथ इसका सबसे अधिक फायदा प्रदेश के किसनों को हुआ है।

भाजपा नेता के अनुसार परियोजनाओं के दायरे में आने वाले सैकड़ों किसानों के खाते में दस हजार करोड़ रुपए की राशि पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि आज से पहले किसी भी सरकार ने प्रदेश को एक साथ इतनी परियोजनाओं की सौगात नहीं दी। भाजपा ने इससे पहले भी प्रदेश को कई अहम परियोजनाओं की सौगात दी हैं पर ये प्रदेश के विकास को और अधिक गति प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि खासकर दक्षिण हरियाणा को कई महत्वकांक्षी परियोजनाएं इसके तहत समर्पित की गई हैं जो निश्चित ही क्षेत्र के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल लगातार प्रदेश के विकास की प्रतिबद्धता को पूरा करने में जुटे हैं। भाजपा ने देश के साथ प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास की नई परम्परा शुरू की है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प को पूरा कर रही है। आज प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास नई रफ्तार से बढ़ रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि नौकरियों से लेकर छोटी से छोटी जरूरत पूरी करने में सरकार ने भेदभाव की सियासत को किनारे कर दिया है। केंद्र सरकार के साथ प्रदेश सरकार भी अपनी संकल्पशक्ति से लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास की नई परिभाषा गढ़ी है। दोनों सरकारें विकास की नई इबारत लिखने के अपने संकल्प को पूरा कर रही है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page