यूपी के औरैया में सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत, सीएम योगी ने तुरंत मांगी जांच रिपोर्ट

Font Size

औरैया-लखनऊ, 16 मई । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार तड़के हुए भीषण हादसे में 24 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। सभी श्रमिक एक ट्रक और ट्राले में सवार थे। दिल्ली-कानपुर हाइवे पर हुए दर्दनाक हादसे में 36 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं।

औरैया के डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि यह हादसा सुबह तकरीबन साढ़े तीन बजे हुआ। इस हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत हुई है। कई लोग घायल हैं। इनमें से ज्यादातर मजदूर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे की फौरन जांच रिपोर्ट मांगी है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में दुर्भाग्यपूर्ण घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने व कमिश्नर और आईजी (कानपुर) को घटनास्थल का दौरा कर दुर्घटना के कारणों की तुरंत रिपोर्ट देने को कहा है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page