जामा मस्जिद के इर्दगिर्द सुरक्षा बढाई गई

Font Size

नयी दिल्ली। अयोध्या मामले में फैसले की पृष्ठभूमि में जामा मस्जिद क्षेत्र और पुरानी दिल्ली के हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इन क्षेत्रों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। यहां दुकानें खुली तो हैं लेकिन हालात तनावपूर्ण हैं।

किसी भी हालात से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस की वज्र वैन और पुलिसकर्मियों की दो बसें मस्जिद के बाहर ही खड़ी हैं।

जामा मस्जिद के बाहर तैनात एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि अन्य दिनों के मुकाबले सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

उच्चतम न्यायालय ने शनिवार को अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया।

अयोध्या फैसला : दिल्ली में निषेधाज्ञा जारी

राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा जारी की गई है।

पुलिस ने एक परामर्श में कहा, ‘‘ दिल्ली पुलिस शरारती तत्वों या कानून एवं व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।’’

उसने कहा, ‘‘ सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर है और दिल्ली पुलिस ने उपयोगकर्ताओं से ऐसे मंचों का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से करने तथा किसी भी तरह की घृणा या शत्रुता फैलाने से बचने की अपील की है।’’

Table of Contents

You cannot copy content of this page