Font Size
गुरुग्राम। विधायक उमेश अग्रवाल का कहना है कि उनके संयोजन में होती रही तीर्थ यात्रा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन अब धर्म ध्वजा यात्रा संघ के तत्वावधान में कराए जाएंगे। इस संस्था का हरियाणा सोसायटी पंजीकरण एवं नियमन अधिनियम के तहत विधिवत पंजीकरण कराया गया है। पहले चरण में गुरुग्राम निगम क्षेत्र से इस संस्था के 30 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। सदस्यता पूरी तरह निशुल्क रखी गई है।सदस्य बनाने का काम रविवार, 28 जुलाई से शुरू कर दिया गया है।
धर्म ध्वजा यात्रा संघ की अध्यक्ष एवं गुरुग्राम विधायक उमेश अग्रवाल की धर्मपत्नी अनिता अग्रवाल का कहना है कि गुरुग्राम निवासी सभी लोग धर्म कार्यों में आस्था रखते हैं। वे सभी प्रकार के धार्मिक कार्यों में पूरी रुचि से बढ़कर हिस्सा लेते है। उन्होंने कहा कि विधायक उमेश अग्रवाल के संयोजन में अब तक हुए धार्मिक कार्यक्रम एवं यात्राएं इस तथ्य के गवाह हैं।

धर्म ध्वजा यात्रा संघ की अध्यक्ष अनिता अग्रवाल ने कहा कि इन दोनों यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं ने यह भी विचार व्यक्त किये कि धर्म कर्म के कार्यों के लिए किसी संस्था का गठन कर लिया जाए तो धार्मिक गतिविधियों को जारी रखने के लिए संस्था का सदस्य बनकर वे भी अपना योगदान दे सकेंगे। श्रीमती अग्रवाल का कहना है कि श्रद्धालुओं से विस्तृत राय मशविरा कर संस्था का गठन व इसके पंजीकरण का फैसला लिया गया। यात्रा संघ के पंजीकरण के बाद इसकी सदस्यता शुरू कर दी गई है। यात्रा संघ की सदस्यता लेने का कोई भी इच्छुक स्त्री पुरुष संघ के शीतला माता रोड स्थित कार्यालय से फार्म लेकर सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
अनिता अग्रवाल का कहना है कि धार्मिक प्रकृति का धार्मिक कार्यक्रमों व धार्मिक यात्राओं में आस्था रखने वाला स्त्री पुरूष धर्म ध्वजा यात्रा संघ की सदस्यता ले सकता है। उनका कहना है कि भविष्य में होने वाली धार्मिक यात्राओं में संस्था के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। धर्म ध्वजा यात्रा संघ के पंजीकरण के साथ ही इसकी विधिवत कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। यह कार्यकारिणाी ही संघ की गतिविधयों का संचालन एवं प्रबंध करने की जिम्मेदारी निभाएगी।
धर्म ध्वजा यात्रा संघ की अध्यक्ष श्रीमती अग्रवाल के अनुसार संघ की कार्यकारिणी में हंसराज कसाना को उपाध्यक्ष , राजेश उर्फ रितु माहेश्वरी को महासचिव, किरण लूथरा को सचिव, सरोज यादव को कोषाध्यक्ष सुष्मा शर्मा, सुरेश कुमार व अश्वनी को शामिल किया गया है।